Bansur News: खेत की तारबंदी विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर हमला, दोनों गंभीर घायल
Bansur News: इंद्राडा गांव में खेत की तारबंदी को लेकर दो साल पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रास्ते में बाइक रोककर पिता-पुत्र पर हमला किया गया, दोनों गंभीर घायल हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विस्तार
बानसूर के बास दयाल थाना क्षेत्र के इंद्राडा गांव में मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में तारबंदी को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते एक पक्ष के पिता-पुत्र पर हमला कर दिया गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बास दयाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, इंद्राडा गांव में दो पक्षों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से खेत की तारबंदी को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात इसी विवाद के चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते में बाइक रोककर पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित पक्ष के राकेश मीणा ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र मीणा दिल्ली से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। छोटे भाई सतीश मीणा उन्हें इंद्राडा बस स्टैंड से बाइक पर लेने गया था। जब दोनों वापस गांव की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में मोहित, राहुल, अमन और उनके साथियों ने उनकी बाइक रुकवा ली और अचानक हमला कर दिया।
पढ़ें- 'नौकरी-मुआवजा बाद में, पहले मौत का बदला मौत': रिटायर्ड फौजी की हत्या पर छलका बेटी का दर्द, देखें वीडियो
राकेश के अनुसार, हमलावरों ने लाठी-डंडों से पिता-पुत्र को बुरी तरह पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल बानसूर उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए कोटपुतली रेफर कर दिया।
फिलहाल दोनों घायलों का इलाज कोटपुतली के अस्पताल में जारी है। उधर, बास दयाल थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली गई। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.