Rajasthan News: भिवाड़ी में पेपर कंपनी में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी; कई किलोमीटर दूर से दिखीं लपटें और धुआं
Khairthal-Tijara News: खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर एक पेपर कंपनी में भीषण आग लग गई। आग ने तेजी से पूरी फैक्टरी को चपेट में ले लिया। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल जनहानि की कोई सूचना नहीं है, राहत कार्य जारी है।
विस्तार
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर एक पेपर कोट (पेपर प्रोसेसिंग) कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने पूरी फैक्टरी परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक उठते काले धुएं के गुबार और आसमान छूती लपटों को देखकर आसपास के उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारी और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही कंपनी परिसर में अफरातफरी मच गई और कर्मचारी तत्काल बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि कई किलोमीटर दूर से भी धुआं साफ नजर आ रहा था। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटनास्थल पर दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। हालांकि भीषण गर्मी और आग की तीव्रता के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग इतनी विकराल है कि लगातार पानी की बौछारों के बावजूद उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। दमकलकर्मी आग पर नियंत्रण पाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
पढ़ें- Rajasthan Weather Update: प्रदेश में तेज आंधी-बारिश का दौर, गर्मी से मिली राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। साथ ही आसपास की फैक्टरियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे स्थिति पर नजर रखी जा सके और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। गनीमत रही कि समय रहते कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
