Nagaur News: फोम फैक्ट्री अग्निकांड में नया मोड़, सीसीटीवी में शॉल ओढ़े संदिग्ध दिखा, साजिश की आशंका गहराई
कल देर रात होम डेकोर, सोफा फोम फैक्टरी में लगी आग के मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक संदिग्ध युवक के फैक्ट्री की ओर जाने और कुछ देर बाद वहां से आग लगने की फुटेज के बाद पुलिस ने आगजनी की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर के डेह रोड स्थित गोरखनाथ मंदिर के पास संचालित होम डेकोर, सोफा, गद्दा एवं फोम फैक्ट्री में देर रात लगी भीषण आग अब संदिग्ध आगजनी का मामला बन गई है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा था लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फुटेज में शॉल ओढ़े एक संदिग्ध युवक फैक्ट्री की ओर जाता दिखाई देता है। कुछ ही क्षण बाद फैक्ट्री से आग की लपटें उठने लगती हैं और युवक तेजी से वहां से भागता नजर आता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।
सोमवार रात करीब 11 बजे रोडवेज बस स्टैंड से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित निर्मल ट्रेडिंग कंपनी की फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री में रखे फोम, गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन करीब 30 मिनट में दोनों वाहनों का पानी खत्म हो गया। आसपास तत्काल पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण दमकलों को दोबारा पानी भरने जाना पड़ा। इस दौरान आग पूरे परिसर में फैल गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे आग पर काबू पाया जा सका।
ये भी पढ़ें: बारां में सनसनी: सोते युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला, हमलावर फरार; जिंदगी की जंग लड़ रहा ट्रैक्टर चालक
फैक्ट्री संचालक ने दावा किया है कि आग से करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। होम डेकोर का सामान, सोफे, फर्नीचर, गद्दे, फोम और अन्य तैयार उत्पाद पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवक के हाथ में किसी ज्वलनशील पदार्थ का कंटेनर होने की भी आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित आगजनी का मामला हो सकता है। कोतवाली थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।