रितु बराला केस: जयपुर में कांग्रेस का धरना खत्म होने के संकेत, सुनील शर्मा बोले- सहमति बन गई
राजस्थान के झुंझुनू की रहने वाली एनएसयूआई की राष्ट्रीय महासचिव रितु बराला पर 13 अक्टूबर को नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में रहते हुए हमला किए जाने का आरोप है।
विस्तार
राजस्थान के जयपुर में रितु बराला मामले को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन खत्म होने के संकेत मिले हैं। जयपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा है कि मामले में सहमति बन गई है। कुछ ही देर में राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा इसकी घोषणा करेंगे। वह यह भी बताएंगे कि किन मुद्दों पर सहमति बनी है। रितु बराला पर कथित हमले के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता सोमवार रात से जयपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय में धरने पर बैठे थे।
सुनील शर्मा बोले- सहमति बन गई है
जयपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा ने धरना खत्म होने के संकेत देते हुए कहा कि संबंधित मामले में सहमति बन गई है। अब प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जल्द ही इस बारे में आधिकारिक जानकारी देंगे। उनके ऐलान के बाद ही साफ होगा कि किन मांगों पर सहमति बनी है और आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।
रितु बराला पर हमले के मामले में धरना
कांग्रेस की छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की राष्ट्रीय महासचिव रितु बराला राजस्थान के झुंझुनू की रहने वाली हैं। आरोप है कि 13 अक्टूबर को नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में रहते हुए उन पर हमला किया गया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस के कर्मियों पर आरोप लगे हैं।
जीरो एफआईआर दर्ज करने की थी मांग
रितु बराला पर कथित हमले के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। कांग्रेस नेताओं की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की जाए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से फोन पर बात कर मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग सुनिश्चित करने को कहा था। अब सुनील शर्मा के बयान के बाद धरना खत्म होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सहमति की शर्तों और प्रदर्शन समाप्त करने को लेकर अंतिम स्थिति गोविंद सिंह डोटासरा की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।