नमाजी को जिंदा जलाने का मामला: टोंक में पेट्रोल डालकर शख्स को लगा दी आग, इमाम पर आरोप; पीड़ित की जयपुर में मौत
Tonk News: टोंक के मालपुरा में मामूली विवाद के बाद इमाम ने नमाजी को टॉयलेट में बंद कर आग लगा दी। 75 प्रतिशत झुलसे पीड़ित की जयपुर में मौत हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
विस्तार
टोंक जिले के मालपुरा उपखंड के डिग्गी थाना क्षेत्र के कलमंडा गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मस्जिद के इमाम द्वारा एक नमाजी को जिंदा जलाने की सनसनीखेज वारदात अब मौत में बदल चुकी है। इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया, बल्कि पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया है।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले मस्जिद में बिजली के बटन बंद करने को लेकर इमाम अब्दुल रशीद और नमाजी हकीम पुत्र अलादीन के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था, जिससे लगा कि विवाद खत्म हो गया है।
बदले की आग में खौफनाक वारदात को दिया अंजाम
बताया जा रहा है कि अगले ही दिन इमाम अब्दुल रशीद ने इस मामूली विवाद को लेकर बदले की भावना में खौफनाक कदम उठा लिया। जब नमाजी हकीम मस्जिद परिसर में बने टॉयलेट में दैनिक उपयोग के लिए गए हुए थे, तभी इमाम ने बाहर से टॉयलेट का दरवाजा बंद कर दिया और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन हालत थी गंभीर
पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह बुरी तरह झुलस चुके थे। सूचना मिलते ही डिग्गी थाना अधिकारी गोपाल चौधरी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित को तुरंत मालपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: लग्जरी कारों में 'सरकार', लेकिन सारथियों की जिंदगी बेपटरी; सरकारी विभागों के चालकों का छलका दर्द
जयपुर में इलाज के दौरान मौत
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हकीम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि वे करीब 75 प्रतिशत तक झुलस चुके थे। जयपुर में इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया, जिससे यह सनसनीखेज वारदात हत्या में बदल गई।
पुलिस कार्रवाई और जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। डीएसपी आशीष प्रजापत के निर्देशन में पुलिस टीमें लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। रमजान जैसे पवित्र महीने में हुई इस जघन्य घटना ने समाज को भीतर तक झकझोर दिया है।