राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना शुरू: 150 करोड़ का बजट मंजूर, 50 हजार वरिष्ठ नागरिक करेंगे यात्रा
राजस्थान के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के तहत इस बार 56 हजार बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा करवाई जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 27 मई से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 10 जून तय की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवस्थान विभाग के अनुसार इस योजना के लिए राज्य सरकार ने 150 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। यात्रा ट्रेन और हवाई जहाज दोनों माध्यमों से करवाई जाएगी। उदयपुर में देवस्थान आयुक्त एल.एन. मंत्री ने बताया कि पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक स्वयं मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से अथवा ई-मित्र केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
योजना के तहत हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, वाराणसी, द्वारका, सोमनाथ, तिरुपति, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, वैष्णो देवी, अमृतसर, पटना साहिब, बिहार शरीफ और हजूर साहिब नांदेड़ सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। वहीं हवाई मार्ग से 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को नेपाल स्थित Pashupatinath Temple के दर्शन कराए जाएंगे। देवस्थान विभाग के मुताबिक कुल 50 हजार यात्रियों को ट्रेन से यात्रा करवाई जाएगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिलेवार कंप्यूटरीकृत लॉटरी के जरिए यात्रियों का चयन किया जाएगा।
पढ़ें: सात साल बाद डबल मर्डर केस का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पुजारी बनकर कई राज्यों में काट रहा था फरारी
योजना के लिए पात्रता
-
आवेदक राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए।
-
1 अप्रैल 2026 को आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
-
आवेदक और उसका जीवनसाथी आयकरदाता नहीं होना चाहिए।
-
केंद्र या राज्य सरकार के सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
-
जो पहले इस योजना का लाभ ले चुके हैं, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे।
-
पहले चयनित होने के बावजूद यात्रा नहीं करने वाले भी इस बार आवेदन नहीं कर पाएंगे।
-
हवाई यात्रा के लिए 80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक पात्र नहीं होंगे।
-
आवेदक का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है।
आवेदन के दौरान जरूरी बातें
-
आवेदन केवल देवस्थान विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर ही किए जाएंगे।
-
जनआधार कार्ड अनिवार्य होगा।
-
आवेदक को अपनी पसंद के तीन तीर्थ स्थलों का चयन करना होगा।
-
आवेदन की प्रिंट कॉपी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
-
आपात स्थिति के लिए दो व्यक्तियों के नाम और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।
देवस्थान विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस योजना का लाभ उठाकर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें।