सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   bhopal woman alleges cyber harassment after marriage proposal rejection ai honeymoon photos 500 cabs and fake

Rajasthan: शादी से इनकार का खौफनाक बदला! AI से बनाई हनीमून फोटो, घर भेजीं 500 कैब और बंटवा दिए फर्जी कार्ड

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर Published by: उदयपुर ब्यूरो Updated Thu, 25 Jun 2026 07:38 AM IST
विज्ञापन
सार

भोपाल की एक युवती ने उदयपुर निवासी युवक पर शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद लगातार उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी, लेकिन परिवार ने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।

bhopal woman alleges cyber harassment after marriage proposal rejection ai honeymoon photos 500 cabs and fake
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : AdobeStock
विज्ञापन

विस्तार

भोपाल की एक युवती ने उदयपुर निवासी युवक पर शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद लंबे समय तक परेशान करने, AI से फर्जी तस्वीरें बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बदनाम करने का आरोप लगाया है। युवती ने मामले की शिकायत मध्यप्रदेश महिला आयोग में की है। हाल ही में उसने आयोग के सामने बयान दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


जीवनसाथी डॉट कॉम से हुई थी पहचान

युवती के अनुसार उसकी बहन ने शादी के लिए जीवनसाथी डॉट कॉम पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान राजस्थान के उदयपुर निवासी युवक से संपर्क हुआ और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। परिवार की मौजूदगी में दोनों की एक मुलाकात भी हुई, लेकिन युवक का व्यवहार संदिग्ध लगने पर परिवार ने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


रिश्ता टूटने के बाद बढ़ी परेशानी

युवती का आरोप है कि रिश्ता ठुकराए जाने के बाद युवक लगातार कॉल और मैसेज करने लगा। परेशान होकर उसने जुलाई 2025 में युवक का नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने की कोशिश करता रहा। युवती का कहना है कि उसने परिवार के अन्य सदस्यों को भी परेशान किया।
विज्ञापन


एक ही दिन में घर पहुंचीं करीब 500 टैक्सी और बाइक

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जनवरी 2026 में युवक ने उसके घर के पते पर ओला, उबर और रैपिडो के जरिए लगातार कैब और बाइक राइड बुक कराईं। एक ही दिन में करीब 500 टैक्सी और बाइक उसके घर पहुंच गईं, जिससे परिवार और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि आरोपी ने उज्जैन के लिए लंबी दूरी की राइड भी बुक की थी। ज्यादा कमाई की उम्मीद में कई ड्राइवरों ने दूर-दराज से बुकिंग स्वीकार कर ली, जिससे कैब और बाइक चालकों को भी परेशानी हुई।

फर्जी प्रोफाइल बनाकर जुटाई जानकारी

युवती का आरोप है कि ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगाकर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाई। इस प्रोफाइल के जरिए वह यह पता लगाने की कोशिश करता रहा कि युवती के लिए किसी दूसरे रिश्ते की बातचीत चल रही है या नहीं। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित फर्जी प्रोफाइल हटा दी गई।

गोद भराई के फर्जी कार्ड भी बंटवाए

पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने उसकी गोद भराई के फर्जी निमंत्रण पत्र भी छपवाए। इन कार्डों में मेहमानों को चांदी का सिक्का देने का उल्लेख किया गया था ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग कार्यक्रम में पहुंचें। आरोप है कि इन निमंत्रण पत्रों को हॉकर के जरिए युवती की पूरी कॉलोनी में बंटवा दिया गया।

AI से बनाई शादी और हनीमून की तस्वीरें

युवती ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी शादी और हनीमून की फर्जी तस्वीरें तैयार कीं। आरोप है कि इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उसकी छवि खराब करने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश की गई।

साइबर विशेषज्ञ ने बताया गंभीर अपराध

साइबर विशेषज्ञ शृंगारिता खरे के अनुसार AI की मदद से किसी व्यक्ति की फर्जी या मॉर्फ्ड तस्वीरें बनाना उसकी निजता का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित को मानसिक तनाव, सामाजिक नुकसान और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच सकती है। शृंगारिता खरे ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम में ऐसे मामलों में कार्रवाई का प्रावधान है। किसी व्यक्ति के नाम, मोबाइल नंबर या पते का इस्तेमाल कर बार-बार कैब बुक करना भी ऑनलाइन उत्पीड़न की श्रेणी में आता है।

महिला आयोग कर रहा जांच

मामला मध्यप्रदेश महिला आयोग तक पहुंच चुका है और आयोग स्तर पर इसकी जांच की जा रही है। युवती ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं साइबर उत्पीड़न और AI के दुरुपयोग से जुड़ा यह मामला तकनीक के गलत इस्तेमाल का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed