Rajasthan: भाजपा ने मन्नालाल रावत को सौंपी एसटी मोर्चे की कमान, पीएम मोदी और नितिन नवीन का जताया आभार
उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत को भाजपा एसटी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। रावत ने प्रधानमंत्री मोदी और नितिन नवीन का आभार जताया। अब वे देशभर के आदिवासी क्षेत्रों में संगठन विस्तार और जनजातीय समाज को पार्टी से जोड़ने पर काम करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उदयपुर से भाजपा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत को पार्टी के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के दौरान रावत को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। जिम्मेदारी मिलने के बाद रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया।
रावत की नियुक्ति को राजस्थान सहित देश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भाजपा संगठन के विस्तार की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दक्षिणी राजस्थान में आदिवासी समाज के बीच उनकी सक्रियता और राजनीतिक पकड़ को देखते हुए पार्टी में उन्हें प्रमुख जनजातीय चेहरे के तौर पर देखा जाता है।
पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष का जताया आभार
एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद डॉ. मन्नालाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जनजातीय समाज के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए चलाई जा रही योजनाओं को देशभर के आदिवासी समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में भाजपा संगठन को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पढे़ं: जयपुर में CRPF कैंपस के पास खेत में मिला जिंदा मोर्टार बम, बम निरोधक दस्ते ने किया डिस्पोज
आदिवासी मुद्दों पर मुखर रहे हैं रावत
डॉ. मन्नालाल रावत दक्षिणी राजस्थान की आदिवासी राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कई बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर भी रावत लगातार मुखर रहे हैं। ऐसे में एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय मुद्दों को लेकर उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो सकती है।
मेवाड़-वागड़ से राष्ट्रीय राजनीति तक बढ़ा कद
मन्नालाल रावत को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने का असर राजस्थान की खासकर मेवाड़-वागड़ की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है। दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी है।
अब रावत राजस्थान के साथ देश के अन्य आदिवासी बहुल राज्यों में भाजपा के एसटी मोर्चे को मजबूत करने, संगठन का विस्तार करने और जनजातीय समाज को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर काम करेंगे। उनकी नियुक्ति को दक्षिणी राजस्थान में भाजपा की आदिवासी राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।