10:51 AM, 17-Aug-2026
आज वार्ड आरक्षण की लॉटरी से तय होगा 10,245 वार्डों का चुनावी गणित
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां अब अहम पड़ाव पर पहुंच गई हैं। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी आज निकाली जा रही है। लॉटरी के जरिए यह तय होगा कि कौन सा वार्ड सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी या महिला वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा। अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, ऐसे में वार्डों का आरक्षण तय होने के बाद चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।
आरक्षण की स्थिति सामने आने के साथ ही लंबे समय से चुनावी तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों के समीकरण भी बदल सकते हैं। किसी वार्ड के आरक्षित होने पर दावेदारों को दूसरे वार्ड का रुख करना पड़ सकता है, जबकि आरक्षण उनके पक्ष में आने पर कई नेताओं की दावेदारी मजबूत होगी। राज्य निर्वाचन आयोग को लॉटरी के परिणाम मिलने के बाद चुनाव कार्यक्रम जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। राज्य में नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 15 नवंबर तक पूरे कराने की समय सीमा तय है।
10:11 AM, 17-Aug-2026
Rajasthan Civic Polls Live: किस वार्ड में किसका आरक्षण? लॉटरी से खुलेंगे पत्ते, बदलेंगे दावेदारों के समीकरण
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आज बड़ा दिन है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जा रही है। लॉटरी के साथ ही यह तस्वीर साफ होगी कि किस वार्ड में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और महिला वर्ग के लिए सीट आरक्षित होगी। आरक्षण तय होते ही लंबे समय से चुनावी तैयारी कर रहे दावेदारों के समीकरण भी बदल सकते हैं।
जोधपुर, अलवर, सीकर, बाड़मेर, अजमेर समेत प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में आज वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होगी। कहीं सामान्य सीट आरक्षित होने से पुराने दावेदारों की राह आसान होगी तो कहीं आरक्षण बदलने से संभावित प्रत्याशियों को अपना चुनावी क्षेत्र बदलना पड़ सकता है। अध्यक्ष और मेयर पदों का आरक्षण पहले ही तय हो चुका है, ऐसे में वार्डों की लॉटरी के बाद स्थानीय निकाय चुनाव की तस्वीर और ज्यादा स्पष्ट हो जाएगी।