Rajasthan: उदयपुर में ‘भालू आतंक’! खेत जा रहे किसान पर तीन भालुओं का हमला, तीन दिन में दूसरी खौफनाक घटना
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में जंगली भालुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह करदा क्षेत्र के नोतल की भागल गांव में खेत की रखवाली करने जा रहे किसान पेमाराम गमेती पर तीन जंगली भालुओं ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में इन दिनों जंगली भालुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह खेत पर जा रहे एक किसान पर तीन जंगली भालुओं ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में किसान के सिर, चेहरे और पैरों पर गहरे घाव आए हैं। घायल किसान को पहले गोगुंदा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे करदा क्षेत्र के नोतल की भागल गांव की है। यहां किसान पेमाराम गमेती अपने खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले तीन जंगली भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। भालुओं ने किसान को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल किसान की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद भेरूलाल सुथार मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। ग्रामीणों की आवाज सुनकर तीनों भालू जंगल की ओर भाग गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल पेमाराम को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। तीन दिनों में यह भालुओं का दूसरा हमला है। इससे पहले शुक्रवार रात रोयड़ा गांव में भी एक व्यक्ति पर भालुओं ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं वन विभाग के अधिकारी भरत मेघवाल ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को फिलहाल जंगल और खेतों में अकेले नहीं जाने की सलाह दी है।