Shimla: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने उपवास पर बैठे कांग्रेसी, जानिए पूरा मामला
मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने के विरोध में कांग्रेस के नेता शिमला के रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष शुक्रवार को 11:00 से 1:00 बजे तक उपवास पर बैठे। मनरेगा के कई लाभार्थी भी इस अवसर पर उपवास पर बैठे। इस उपवास में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों, कांग्रेस विधायकों, पूर्व विधायकों, पीसीसी के सभी पूर्व पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष, बोडों-निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, शिमला नगर निगम के सभी पार्षद व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इससे पहले ऐतिहासिक रिज मैदान पर शहीदी दिवस पर मुख्यमंत्री समेत सरकार के कई मंत्रियों के अलावा कांग्रेस नेताओं ने रिज पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें, भारत में शहीद दिवस हर साल 30 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1948 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई थी। यह दिन देश के लिए एक ऐसा आघात था, जिसने पूरी दुनिया को झकझोर दिया।
परना बांध, टी-शर्ट में मनरेगा के समर्थन में उतरे कांग्रेस जिलाध्यक्ष
वहीं महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की ओर से गांधी चौक में मौन धरने का आयोजन किया गया। कांग्रेस के मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आयोजित इस धरने में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारतीय मजदूर की वेशभूषामें पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा में किए गए बदलाव का विरोध जताया गया। सुमन भारती की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता लगभग एक घंटे तक मौन धरने पर बैठे रहे। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने सिर पर परना बांधा हुआ था और ठंड के बावजूद केवल टी-शर्ट पहनी थी, जबकि अन्य नेता सूट-बूट में नजर आए। जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए आम भारतीय की तरह जीवन जिया। उनसे प्रेरणा लेते हुए उन्होंने मनरेगा में किए गए बदलावों के विरोध के लिए मजदूर का स्वरूप अपनाया है, ताकि मजदूरों की पीड़ा को उसी रूप में सामने रखा जा सके। धरने के दौरान विधायक कैप्टन रंजीत सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, मनजीत डोगरा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.