Himachal Disaster: बाढ़ और बारिश से सेब को भारी नुकसान, शिमला, कुल्लू, मंडी और चंबा में कई जगह बह गए बगीचे
हिमाचल में बारिश के कारण मची तबाही में सेब से लदे पेड़ों की टहनियां टूट गई हैं और पेड़ों पर लगे सेब बगीचों में बिछ गए हैं।
विस्तार
बाढ़ और भीषण बारिश से प्रदेश में सेब की फसल को भारी नुकसान हुआ है। शिमला, कुल्लू, मंडी और चंबा जिले में कई जगह सेब के बगीचे बह गए हैं। भारी बारिश और तूफान से सेब से लदे पेड़ों की टहनियां टूट गई हैं और पेड़ों पर लगे सेब बगीचों में बिछ गए हैं। मुख्य और संपर्क सड़कों को हुए भारी नुकसान से बागवानों के लिए तैयार फसल मंडियों तक पहुंचाना चुनौती बन गया है। सरकार ने फील्ड अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
भारी बारिश से शिमला जिले के रामपुर, रोहड़ू और चौपाल के कई क्षेत्रों में बगीचे ढह गए हैं। रामपुर में फलदार पौधों के जड़ों से उखड़ने के कारण बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू जिला के आनी में सेब की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। रोहड़ू के चिड़गांव में सेब के फलदार पौधों की टहनियां टूट गईं हैं। सेब की तैयार फसल बगीचों में बिछ गई है। मंडी और चंबा जिले में भी सेब की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।
सेब उत्पादक संघ के प्रदेशाध्यक्ष सोहन सिंह ठाकुर का कहना है कि प्रदेश के सेब उत्पादक क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदा से सेब की फसल को भारी नुकसान हुआ है। सेब की फसल प्रभावित होने से बागवानों को बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। सरकार को तुरंत नुकसान का आकलन कर बागवानों को राहत देनी चाहिए।
संपर्क और मुख्य सड़कें बहाल करें : मंच
संयुक्त किसान मंच के संयोजक हरीश चौहान और सह सचिव संजय चौहान का कहना है कि बगीचों में तैयार फसल मंडियों तक पहुंच सके इसलिए सरकार युद्ध स्तर पर सड़कें बहाल करने का काम शुरू करे।
सरकार बागवानों के साथ : नेगी
आपदा के समय में सरकार पूरी तरह बागवानों के साथ है। मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को सेब उत्पादक क्षेत्रों की सड़कें प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए हैं- जगत सिंह नेगी, बागवानी मंत्री
कुल्लू की शाट सब्जी मंडी ध्वस्त
कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में पार्वती नदी में आई बाढ़ से सब्जी मंडी शाट की इमारत ढह गई है। पिछले साल भी इस नदी में बाढ़ आने से सब्जी मंडी के भवन को नुकसान हुआ था। किसानों का कहना है कि एक साल बाद भी भवन के साथ सुरक्षा दीवार न लगने से भवन क्षतिग्रस्त हुआ है।