हरियाणा सरकार ने चंबा आपदा प्रभावितों के लिए भेजे राहत सामग्री के 10 ट्रक, सीएम सैणी ने दिखाई हरी झंडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी की ओर से हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री भेजी है। डाॅ. बिंदल ने बताया कि पंचकूला, अम्बाला व आसपास के क्षेत्र के दानियों ने यह सामग्री एकत्र करके मुख्यमंत्री के हाथों से प्रेषित की। इस सामग्री में 186 क्विंटल चावल, 153 क्विंटल आटा, 20 क्विंटल नमक, 65 क्विंटल चीनी, 20 क्विंटल दाल, 25 किलो हल्दी, 750 किलो मसाले, 2400 लीटर खाने का तेल, 50 किलो चाय पत्ती, 1000 तिरपाल, 1021 कंबल, 1500 गद्दे, 2600 साबून, 1200 पैकेट बिस्किट, 650 सैनेटरी पैड, बर्तन, टूथपेस्ट, पानी, मैगी, ओट्स व अन्य खुदरा सामान से भरे 10 ट्रक पंचकूला भाजपा कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर चंबा के लिए रवाना किए गए। इस सामग्री को चंबा जिला के प्रभावित परिवारों में आवश्यकतानुसार वितरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैणी ने कहा कि भाजपा सेवा ही संगठन को ध्यानार्थ रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे प्रदेशों और वहां हुए बड़े नुकसान को लेकर चिंतित है और आपदाग्रस्त लोगों की सेवा करने में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भारी वर्षा के कारण हुआ नुकसान बड़ा है और कई जगह तो गांव के गांव ही तबाह हो गए हैं। पशुधन और स्थानीय जनता को बड़ा नुकसान हुआ है और इस नुकसान की पूर्ति के लिए केंद्र सरकार हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा सरकार इस संकट की घड़ी में हिमाचल के साथ खड़ी है। नायब सिंह सैणी, मुख्यमंत्री हरियाणा व डाॅ. राजीव बिंदल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा ने चम्बा जिला के लिए राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर भाजपा पंचकूला से रवाना किया।