हिमाचल प्रदेश: नगर निकायों के लिए आज थमेगा प्रचार, 3.60 लाख वोटर करेंगे फैसला; 17 मई को डलेंगे वोट
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगम समेत 51 शहरी निकायों में चुनाव प्रचार अंतिम दौर में पहुंच चुका है। चुनावी मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों ने वीरवार को प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। पार्टी के दिग्गज नेता भी प्रचार में डट गए हैं। शुक्रवार 15 मई को दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह से थम जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के चुनाव के लिए प्रचार आज थम जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम क्षेत्रों में 17 मई को मतदान होगा।
चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही पोलिंग पार्टियां ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की ओर से सभी मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान केंद्रों में सुरक्षा, बिजली, पेयजल और संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। निर्वाचन आयोग ने चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चारों नगर निगम क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती होगी।
संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं मतदान से 48 घंटे पहले शराब के ठेके बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस बाहरी गतिविधियों और संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखेगी। 17 मई को सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिन केंद्रों पर निर्धारित समय तक मतदाताओं की लाइन होगी, वहां सभी को मतदान करने का अवसर दिया जाएगा।
नगर निकाय चुनाव में 3 लाख 60 हजार 859 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 1 लाख 80 हजार 963 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 882 महिलाएं और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं। 18 वर्ष आयु वर्ग के 1,808 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 589 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 15 हजार कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
449 पदों के लिए किया जाएगा मतदान
प्रदेश के चार नगर निगमों, 229 नगर परिषद और 156 नगर पंचायत पदों सहित कुल 449 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 89, अनुसूचित जनजाति के लिए 12 और महिलाओं के लिए 195 पद आरक्षित हैं।
पंचायतीराज : पहले दिन 436 नाम वापस
पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने के पहले दिन 436 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शुक्रवार को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन है। इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जाएंगे। प्रदेशभर में पंचायत प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के बीच अब चुनावी समीकरण साधने की कोशिशें तेज हो गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बैठकों का दौर जारी है।