हिमाचल: दिवाली की रात आग का तांडव, 187 जगह भड़की आग; पटाखों से 188 लोग झुलसे, करोड़ों का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात आतिशबाजी और अन्य कारणों से आग लगने की 187 घटनाएं दर्ज की गईं। पटाखे चलाते समय प्रदेशभर में 188 लोग झुलस गए, जबकि 35 मकान और 39 जंगल आग की चपेट में आए। अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर करीब 30.80 करोड़ रुपये की संपत्ति को जलने से बचाया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात आग लगने की 187 घटनाएं सामने आईं। पटाखे चलाते समय प्रदेशभर में 188 से अधिक लोग झुलस गए। प्रदेशभर में 35 घरों, 39 जंगलों और अन्य स्थानों पर आग लगी। इन घटनाओं में करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा, जबकि अग्निशमन विभाग की तत्परता से 30 करोड़ 80 लाख 7 हजार रुपये की संपत्ति को जलने से बचाया गया। आग लगने की सबसे अधिक 48 घटनाएं शिमला जिले में दर्ज की गईं। वहीं, चंबा में एक रेस्क्यू कॉल के दौरान एक व्यक्ति को सुरक्षित बचाया गया।
कुल्लू में आग की 12 घटनाएं हुईं। यहां 76 हजार 500 रुपये का नुकसान हुआ, जबकि 7 करोड़ 59 लाख रुपये की संपत्ति बचाई गई। सिरमौर में सात घटनाओं में 21 लाख 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ, जबकि 2 करोड़ 30 लाख रुपये की संपत्ति बचाई गई। बिलासपुर और हमीरपुर में आग की छह-छह घटनाएं हुईं। धर्मशाला में करंट लगने से घायल बच्ची और इंदौरा में हाथ में पटाखा फटने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बड़े अस्पताल रेफर करना पड़ा। पटाखे जलाते समय कुल्लू में 19 लोग झुलस गए। मंडी जिले में 15, कांगड़ा में 45, ऊना में 6, हमीरपुर में 30, सोलन में 25, सिरमौर में 25 और शिमला में 23 लोगों के झुलसने की सूचना है। किन्नौर में सेब की 700 खाली पेटियां जल गईं।
त्योहार के दौरान आपात स्थितियों का दबाव बढ़ने के बावजूद पुलिस की टीमें औसतन महज 3 मिनट 37 सेकंड में घटनास्थल पर पहुंचीं। दिवाली के मौके पर ईआरएसएस-112 के पास एक ही दिन में 586 घटनाओं की सूचनाएं पहुंचीं। इनमें 187 मामले आग से संबंधित थे। डीजीपी अशोक तिवारी ने इस उपलब्धि पर ईआरएसएस-112 की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कॉल टेकर, डिस्पैचर, सुपरवाइजर और फील्ड में तैनात कर्मचारियों के समर्पण और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब लोग दिवाली मना रहे थे, तब पुलिसकर्मी लोगों की सुरक्षा और सहायता में जुटे थे।