Himachal Congress: प्रतिभा सिंह बोलीं- पार्टी की मजबूती के लिए मंथन की जरूरत
प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव हैं। प्रदेश की चार सीटों पर कांग्रेस अच्छे अंतर से चुनाव जीते, इसके लिए संगठन एकजुट होकर कार्य करेगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि तीन राज्यों में जनता ने भाजपा को बहुमत दिया है। 4 राज्यों में चुनावी नतीजों पर उन्होंने कहा कि इन राज्यों में हार के क्या कारण रहे हैं, इसके बारे में उन्हें कुछ जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी को कैसे मजबूत किया जा सकता है, इस दिशा में विचार करने की जरूरत है। प्रतिभा सिंह ने यह बात कांग्रेस मुख्यालय में कही।
उन्होंने कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव हैं। प्रदेश की चार सीटों पर कांग्रेस अच्छे अंतर से चुनाव जीते, इसके लिए संगठन एकजुट होकर कार्य करेगा। सक्रियता से कार्य करने वालों को पूरा मान-सम्मान मिलना चाहिए। करीब 5 महीने पहले उन्होंने मुख्यमंत्री से इस बारे में आग्रह भी किया था। अब इस दिशा में काम हुआ है, यह अच्छी बात है।
सक्रिय कार्यकर्ताओं की ताजपोशी होने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यशवंत छाजटा पार्टी के लिए लंबे अरसे से कार्य कर रहे हैं। पहले भी वह हिमुडा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पास कार्य करने का अनुभव है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कुछ और बोर्ड-निगमों में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां होंगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनावों में राजनीतिक दल कई वायदे करते हैं। कांग्रेस ने हिमाचल में विस चुनाव में जनता को 10 गारंटियां दी हैं। सरकार की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि पांच सालों के भीतर इन गारंटियों को पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि राजनीतिक दल चुनावों में जनता के दरबार में अपनी फरियाद लेकर पहुंचते हैं। जनता का फैसला सर्वमान्य है। भाजपा की तीन राज्यों में अच्छी परफॉर्मेंस रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार व जीत चली रहती है।
प्रतिभा के मंडी दौरे के बाद होगी पीसीसी की बैठक, बनेगी चुनावी रणनीति
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह 5 से से 9 दिसंबर तक अपने संसदीय क्षेत्र मंडी के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ अनेक योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन भी करेंगी। उनके वापस शिमला लौटने के बाद ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) की बैठक होगी। इसमें आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी। 10 दिसंबर को वह शिमला लौटेंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अमित पाल सिंह ने बताया है कि प्रतिभा सिंह 5 दिसंबर को सुबह साढ़े 9 बजे शिमला से मंडी के लिए रवाना होंगी। इस दौरान साढ़े 12 बजे सुंदरनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। 6 दिसंबर को प्रतिभा सिंह मंडी में निर्माणाधीन पंचवक्त्र पुल के कार्य का निरीक्षण करेंगी। बाद में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ परियोजनाओं के उद्घाटन अवसर पर मौजूद रहेंगी।