Himachal Weather: हिमाचल में लगातार तीन दिन बरसेंगे बादल, माैसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
माैसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज से लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी होगी।
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिन बादल बरसेंगे। माैसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आज से लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी होगी। इस दाैरान कुछ भागों में भारी बारिश व ओलावृष्टि-येलो ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में किसानों-बागवानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राज्य के कई भागों में बीते कुछ दिनों माैसम लगातार खराब बना हुआ है। बीते 24 घंटें में कसौली, राजगढ़, धर्मपुर, सराहन व शिमला व 3-3, जबकि जोगिंद्रनगर, रोहड़ू, सोलन, बिलासपुर सदर, कंडाघाट व शिलारू में 2-2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
क्या है माैसम विभाग का पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 6 से 9 अप्रैल के दौरान व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जिसकी अधिकतम गतिविधि 8 अप्रैल को होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में 6 से 8 अप्रैल के दौरान ओलावृष्टि होने की संभावना है। राज्य के ऊंचे पहाड़ी ज्यादातर हिस्सों और उनसे सटे मध्यम पहाड़ों पर 7 और 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की बहुत ज्यादा संभावना है। जबकि 6 तथा 9 अप्रैल कुछ जगहों पर भी ऐसी ही संभावना है। इसी तरह राज्य के निचले पहाड़ी-मैदानी इलाकों और मध्यम पहाड़ी ज्यादातर हिस्सों पर 7 और 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने की बहुत ज्यादा संभावना है। 6 तथा 9 अप्रैल इन भागों के कुछ क्षेत्रों पर भी ऐसी ही संभावना है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान दिन का तापमान लगभग 2-3 डिग्री बढ़ने की संभावना है, और उसके बाद इसमें 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।
किस जिले के लिए काैन सा अलर्ट
7 और 8 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में और 7 अप्रैल को चंबा जिले में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 6 अप्रैल को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। 8 अप्रैल को शिमला जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश-बर्फबारी और सिरमौर, मंडी और सोलन में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवाओं (40-50, झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक) के साथ अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है। जबकि 6 और 9 अप्रैल को सिरमौर, शिमला, सोलन और मंडी जिलों में और 6 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में कुछ जगहों पर अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है।