Himachal Weather: अटल टनल रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर फिर बर्फबारी, जानें एक सप्ताह कैसा रहेगा माैसम
प्रदेश के कई भागों में माैसम आज फिर बिगड़ गया है। राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में सुबह से बादल छाए हुए हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में माैसम आज फिर बिगड़ गया है। अटल टनल रोहतांग, लाहाैल घाटी सहित अन्य ऊंचे इलाकों में आज फिर रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। लाहौल के कोकसर में पर्यटकों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। पर्यटकों की आमद बढ़ने से घाटी के पर्यटन कारोबारी भी गदगद हो गए। मौसम में आए बदलाव से लाहौल से लेकर कुल्लू में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में हल्की धूप भी खिली।
17 अप्रैल तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11, 12, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य में मौसम सूखा रहने की संभावना है। वहीं अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। माैसम विभाग के अनुसार आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति जिले के कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.5, सुंदरनगर 11.9, भुंतर 9.6, कल्पा 2.4, ऊना 12.6, नाहन 10.3, पालमपुर 11.0, सोलन 10.5, मनाली 5.2, कांगड़ा 13.6, मंडी 13.3, बिलासपुर 14.0, जुब्बड़हट्टी 11.4, कुकुमसेरी 0.9, बरठीं 11.8, पांवटा साहिब 15.0, सराहन 7.5, देहरागोपीपुर 14.0 व ताबो में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, पिछले 24 घंटों में कई स्टेशनों पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
नहीं खुला एनएच तो परिजनों ने बीमार युवक को पीठ पर उठाकर पार करवाई रावी
चंबा जिले के भरमाैर में एनएच पहाड़ी दरकने से बंद होने के कारण मरीज को अस्पताल पहुंचाने की जल्दी में परिजन उसे पीठ पर उठाकर रावी नदी पार करके दूसरी तरफ ले गए। जहां से उसे निजी वाहन में अस्पताल पहुंचाया गया। उस मरीज व तीमारदार का नाम-पता तो नहीं लग पाया लेकिन जब वह उसे रावी नदी के रास्ते पीठ पर उठाकर ले जा रहे थे तो लोगों ने बताया कि बीमार को अस्पताल पहुंचाने के लिए ये लोग इतना जोखिम उठा रहे हैं ताकि मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके। महिला व पुरुष का बीमार युवक को अपनी पीठ पर उठाकर रावी नदी पार करने का वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है। इससे जिले में आपदा प्रबंधन की पोल खोल दी है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग यदि एक दिन में बहाल नहीं हो सकता है तो अन्य संपर्क मार्गों को ऐसी परिस्थिति में बहाल होने में कई दिन लग जाएंगे।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
ऊना 29.6
नाहन 26.0
सोलन 25.0
कांगड़ा 24.9
मंडी में 24.8
शिमला 18.4
मनाली 15.1
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.