Himachal Weather Alert: मंडी में हाईवे बना नाला, जटौन बैराज के गेट खोले; 8 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में रविवार को हुई भारी बारिश से मंडी, कुल्लू और सिरमौर समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। मंडी में नेशनल हाईवे जलमग्न हो गया, जबकि सिरमौर में गिरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर जटौन बैराज के गेट खोले गए। कुल्लू में जमीन धंसने से दो मकान क्षतिग्रस्त हुए। मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक प्रदेश में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
येलो अलर्ट के बीच रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई। मंडी के चौंतड़ा में रविवार दोपहर एक घंटे की मूसलाधार बारिश से ऐहजू, मोहनघाटी, सुकाबाग, चौतड़ा और घट्टा के बीच कई स्थानों पर नेशनल हाईवे नाले में तब्दील हो गया। ऐहजू में हाईवे किनारे कई होटलों और रेस्तरां में पानी घुस गया। वहीं जलस्तर बढ़ने से सिरमौर में गिरी नदी पर बने जटौन बैराज के गेट नंबर चार से पानी छोड़ा गया। इधर, कुल्लू जिले की गाड़ापारली और देहुरीधार पंचायत में जमीन धंसने से दो मकान गिर गए हैं।
शिमला में रविवार को बूंदाबांदी हुई। कांगड़ा जिले के कुछ हिस्सों में सुबह और दोपहर बाद बारिश हुई। खराब मौसम के कारण दिल्ली से धर्मशाला आने वाली स्पाइस जेट की एक फ्लाइट रद्द रही। वहीं, घट्टा के पास एक पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने आठ अगस्त तक प्रदेश के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
तीन अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 2 से 8 अगस्त तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। सिरमौर जिले में शनिवार रात और रविवार सुबह कुछ स्थानों पर बारिश हुई। बारिश और भूस्खलन से जले में तीन सड़कें बंद हैं। उधर, नाहन-कुमारहट्टी एनएच 907ए पर जगह-जगह पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ।
चंबा जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हमीरपुर में सुबह बारिश के बाद दोपहर में मौसम साफ हो गया और धूप खिली। शाम को एक बार फिर हल्की बारिश हुई। कुल्लू जिले के मनाली, बंजार और बाह्य सराज में सुबह और शाम को भारी बारिश हुई। कुल्लू की सैंज घाटी में देहुरीधार पंचायत के करैहला में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। पिछले दिनों हुई बारिश के चलते क्षेत्र में जमीन धंस रही है और शनिवार शाम के समय यहां मकान के साथ लगता क्षेत्र भी धंस गया है। ऊना जिले में रविवार को सुबह से हल्के बादल छाए रहे।
ऊना में तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक
ऊना में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। मंडी में 33.8 डिग्री, बिलासपुर में 33.5 डिग्री, सुंदरनगर में 33.3 डिग्री, कांगड़ा में 30.8 डिग्री और चंबा में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री दर्ज किया गया।