Handball Championship: हिमाचल महिला हैंडबाल टीम क्वार्टर फाइनल में, ओडिशा को 32-5 से हराया
राष्ट्रीय हैंडबाल चैंपियनशिप में हिमाचल की महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
विस्तार
सीनियर महिला राष्ट्रीय हैंडबाल चैंपियनशिप में हिमाचल की महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता फ्यूचर यूनिवर्सिटी, बरेली (उत्तर प्रदेश) में हो रही है। इसमें देशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। हिमाचल ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए अपने पूल में विरोधी टीमों को कोई मौका नहीं दिया। टीम ने पहले मुकाबले में तेलंगाना को 30-0 के बड़े अंतर से हराकर ताकत का अहसास कराया। दूसरे मैच में जम्मू-कश्मीर को 20-3 से पराजित किया। दोनों मुकाबलों में टीम की आक्रमण क्षमता के साथ-साथ मजबूत डिफेंस भी देखने को मिला। पूल चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में भी हिमाचल का दबदबा कायम रहा।
टीम ने ओडिशा को 32-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने तेज गति, सटीक पासिंग और मजबूत रणनीति के दम पर विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में रखा। पूरे टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश की टीम का प्रदर्शन संतुलित नजर आया। टीम के खिलाड़ियों ने जहां आक्रमण में तेजी दिखाई, वहीं डिफेंस में भी मजबूती के साथ विपक्षी टीमों के प्रयासों को नाकाम किया। कोर्ट पर खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और फिटनेस का स्तर भी टीम की सफलता का बड़ा कारण बना। हिमाचल प्रदेश एमेच्योर हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप राणा, महासचिव क्रांति सिंह और कोषाध्यक्ष प्रवीण दुबे टीम के साथ जुड़े हैं। कोच स्नेहलता के निर्देशन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले कड़ी मेहनत की, जिसका परिणाम अब मैदान पर दिखाई दे रहा है।
बिलासपुर के दो खिलाड़ी भारतीय टीम ट्रायल में शामिल
सर्बिया में होने जा रही अंतरराष्ट्रीय स्कूली बास्केटबाल चैंपियनशिप के लिए बिलासपुर के तन्मय और गुंजोत का भारतीय टीम के ट्रायल के लिए चयन हुआ है। जिला बास्केटबाल संघ ने इसके लिए दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया। संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण रनौत ने उन्हें टी-शर्ट और स्पोर्ट्स किट बैग भेंट कर हौसला बढ़ाया। संघ के महासचिव राजकुमार राणा ने बताया कि स्कूली नेशनल प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर देशभर से 25 खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्ष 1985 में जिले से मदन ठाकुर, रणजीत रणिया और कृष्ण कुमार का चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ था। दोनों खिलाड़ी 20 अप्रैल को झारखंड के रांची स्थित भगत ताना इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रायल प्रक्रिया में भाग लेंगे।