Himachal Landslide: मंडी के निहरी में भूस्खलन की चपेट में आया मकान, तीन की मौत, दो को सुरक्षित निकाला
हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाली निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में बीते सोमवार रात को भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।

विस्तार

इसके अलावा दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मृतकों में तांगू देवी(33) पत्नी जय सिंह, कमला देवी(33) पत्नी देव राज और भीष्म सिंह(8 महीने) पुत्र देव राज शामिल हैं। सुरक्षित बचाए गए लोगों में खूब राम(65) पुत्र धनी राम और दर्शन देवी(58) पत्नी खूब राम शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमाार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।
हिमाचल प्रदेश में अलर्ट के बीच मौसम का कहर जारी है। आज प्रदेश के छह जिलों बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। सोमवार शाम तक प्रदेश में 490 सड़कें, 352 बिजली ट्रांसफार्मर और 163 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। प्रदेश में बदले मौसम के बीच सुबह और शाम के समय ठंडक भी बढ़ गई है।
ऊना जिले में सोमवार सुबह के समय हल्की बारिश हुई। इससे बंगाणा इलाके में खेतों में नमी ज्यादा होने से आलू की बिजाई का कार्य रुक गया है। अन्य इलाकों में 15 से 20 मिनट की बारिश के बाद मौसम साफ होने पर किसानों को आलू बिजाई के लिए पर्याप्त समय मिला।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कुछ भागों में 21 सितंबर तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। रविवार रात को जोगिंद्रनगर में 56.0, पालमपुर में 48.0, पंडोह में 40.0, कांगड़ा में 34.0, नगरोटा सूरियां में 30.0, मंडी में 27.5, सराहन में 18.5, मुरारी देवी में 18.2, भरेड़ी में 17.6 और करसोग में 17.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
शिमला में बीती रात स्वयं बारिश की भयावहता को महसूस किया: सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। बारिश से जन-धन का भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन को सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। कल रात शिमला में स्वयं इस बारिश की भयावहता को महसूस किया। सचमुच, यह हमारे प्रदेश के लिए बेहद कठिन समय है। मौसम की बदली परिस्थितियों ने तबाही का नया मंजर खड़ा कर दिया है, जिसे देखकर मन बेहद व्यथित है। हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे। मौसम विभाग ने आज भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आप सभी से निवेदन है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।