सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Mandi girl student murder case: Locals angry, road blockade in Mohi; DSP also on the spot

मंडी छात्रा हत्याकांड: स्थानीय लोगों में आक्रोश, मौहीं में चक्का जाम; डीएसपी भी माैके पर पहुंचे

अमर उजाला नेटवर्क, मंडी। Published by: Krishan Singh Updated Mon, 13 Apr 2026 08:02 PM IST
विज्ञापन
सार

मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के तहत गोपालापुर पंचायत के बैंजी गांव में दिनदहाड़े छात्रा की निर्मम हत्या के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे हैं। 

Mandi girl student murder case: Locals angry, road blockade in Mohi; DSP also on the spot
स्थानीय लोगों में आक्रोश, मौहीं में चक्का जाम। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के तहत गोपालापुर पंचायत के बैंजी गांव में दिनदहाड़े छात्रा की निर्मम हत्या के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे हैं। अभिभावकों में भी डर का माहौल है, खासकर बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौंही के पास सोमवार देरशाम को इंसाफ की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन होश में आओ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस के आग्रह के बावजूद प्रदर्शनकारी एक मानने को तैयार न हुए और माहौल तनावपूर्ण रहा। प्रदर्शनकारी आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते रहे। कॉलेज छात्रा हत्याकांड में सही कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीण सोमवार शाम करीब 7:00 बजे अचानक एकत्रित हुए। देखते ही देखते लोगों ने मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी रही। जाम के चलते दोनों तरफ बसें व अन्य वाहन भी फंस गए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों को पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा।

Trending Videos


सुबह से रात तक ग्रामीणों का आक्रोश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम जारी रखा। डीएसपी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते रहे और चक्का जाम खोलने का आग्रह करते रहे। लंबे समय तक चले इस विरोध के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी मृतिका को इंसाफ दिलाने के लिए डटे रहे। सोमवार सुबह हत्या के बाद से लेकर देरशाम तक ग्रामीणों का आक्रोश खूब फूटा रहा। आरोपी को पकड़ने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश साफ दिखा। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को सुरक्षित बचाते हुए अपनी साथ ले गई। मौके पर युवा आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करती रहे। शाम को ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। इस पर पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन

घटना दिल दहलाने वाली, नशा मचा रहा तांडव : जयराम
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट में घर से कुछ दूरी पर ही कॉलेज जा रही एक बिटिया की निर्मम हत्या प्रदेश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त हो जाने का उदाहरण है। प्रदेश में अपराधी बेकाबू हैं। इस घटना ने हर उस परिवार को डरा दिया है, जिनकी बेटियां शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलती हैं। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बिटिया की आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। जयराम अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर बिटिया के परिजनों से मिलने नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। परिजनों से मिलकर उन्होंने उन्हें ढाढ़स बंधाया और संवेदनाएं व्यक्त कीं। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक जितनी बातें पता चली हैं, उससे एक बात साफ है कि हत्यारा नशे का आदी था। सरकार द्वारा नशे के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी जा रही है, उसमें गंभीरता कम और दिखावा ज्यादा है। सरकार सिर्फ इवेंटबाजी कर रही है। नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई को और अधिक गंभीरता तथा सख्ती से लड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए कानून में बदलाव के लिए भी भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ है।
 

राज्यपाल ने हत्याकांड में डीजीपी को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। राज्यपाल ने इस घटना को जघन्य, अमानवीय और अत्यंत चिंताजनक बताते हुए कहा कि सभ्य समाज में इस प्रकार की हिंसक घटनाएं अस्वीकार्य हैं और इनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए। राज्यपाल ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक  अशोक तिवारी से दूरभाष पर बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि दोषी के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा उसे शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जाए। राज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उन्हें धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सतर्कता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।
 

महिलाओं की सुरक्षा करने में प्रदेश सरकार विफल : डाॅ. चानना
हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामलों पर आम आदमी पार्टी ने गहरी चिंता व्यक्त की है और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश चानना ने कहा है कि प्रदेश में एक के बाद एक महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकाघाट में की गई बेटी की जघन्य हत्या प्रदेश के कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति बयान करती है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में हमारी माताओं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार की चुप्पी और निष्क्रियता बेहद निराशाजनक है। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार अपराधियों को खुला संरक्षण दे रही है, जिससे उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं। 

आबादी के बीच वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
 बैंजी गांव में दिनदहाड़े छात्रा की हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत है। घटनास्थल के आसपास महज 10 मीटर की दूरी पर आगे-पीछे आबादी होने के बावजूद इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नैण गांव के बलदेव चंद ने कहा कि इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अब बच्चों को अकेले नहीं भेजा जा सकता है। अगर आबादी के बीच भी लोग सुरक्षित नहीं हैं तो हालात बेहद चिंताजनक हैं। रीनू देवी ने कहा कि अब बच्चों को स्कूल और कॉलेज भेजने में डर लगने लगा है। रूप लाल ने कहा कि महिलाओं के लिए भी हालात सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव में गोशाला जाने या खेतों में काम करने में डर लगने लगा है। पंडित सतपाल ने कहा कि इस घटना के बाद लोग अकेले बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed