नशे के खिलाफ जन आंदोलन: 92 करोड़ की संपत्ति जब्त, चार साल में 7950 मामले दर्ज, 51 सरकारी कर्मी बर्खास्त
सरकार के अनुसार नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रत्येक वर्ग से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में चिट्टा और अन्य नशे के खात्मे के लिए तस्करों के साथ पूरे नेटवर्क और उसके आर्थिक स्रोतों पर भी प्रहार किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को नशा तस्करी के मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, आपूर्ति नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अंतरराज्यीय संपर्कों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने के साथ ही सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और निर्माण को भी हटाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल में नशे के कारोबार से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। पहली बार 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित की गई है।
प्रदेश में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज
एनडीपीएस मामलों के आरोपियों की ओर से सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियां चिह्नित की गई हैं। इनमें से 22 मामलों में ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों के निपटारे के लिए समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है। सुक्खू ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7,950 मामले दर्ज किए गए और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलो चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें से 159 के खिलाफ वर्ष 2026 में कार्रवाई की गई। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
पुनर्वास और जागरूकता
नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस की ओर से संचालित नशामुक्ति केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। परामर्श जाल का विस्तार तथा सरकारी भर्ती में ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने के कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिह्नित कर निगरानी में रखा गया है।
168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज, 51 बर्खास्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार में सरकारी तंत्र की संलिप्तता पर भी कार्रवाई की जा रही है। नशे से संबंधित गतिविधियों में शामिल 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है। नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रदेश की 246 अत्यधिक प्रभावित पंचायतों को विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के तहत करीब 12 हजार लोगों की पहचान की गई है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने के साथ ही तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ एवं नशामुक्त हिमाचल का निर्माण किया जाएगा।
व्हाट्सएप चैटबॉट पर नशा तस्करी की सूचना दे सकेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। सरकार जल्द ही विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू करेगी। इसके माध्यम से नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए नशा तस्करी से जुड़ी सूचनाएं दे सकेंगे। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षकों और अभिभावकों से एंटी-चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
