Rain Havoc Himachal: भारी बारिश से 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान, सभी डीसी को 10 दिनों तक सतर्क रहने को कहा
हिमाचल में भारी बारिश से प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 3,000 से लेकर 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने नुकसान का सही आकलन करने के लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता वाली समिति को शीघ्र बैठक बुलाने के निर्देश दिए।

विस्तार
तीन दिनों से लगातार जारी भारी बारिश ने हिमाचल प्रदेश में कहर बरपाया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार प्रदेश को लगभग 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये तक का नुकसान आंका गया है। मुख्यमंत्री ने लगातार बारिश से हुए नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में समिति की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सोमवार को जिला हमीरपुर के नादौन से राज्य में भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान की समीक्षा के लिए आयोजित राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता की। सभी संबंधित प्राधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण 17 लोगों की मृत्यु हो गई है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों, बिजली के ट्रांसफार्मरों, विद्युत उपकेंद्रों और जल आपूर्ति परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सभी उपायुक्तों को आगामी 10 दिनों तक सतर्क रहने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से राहत और बचाव कार्यों के लिए पंचायती राज संस्थाओं के जन प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को शामिल करने के लिए कहा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति तत्काल बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न जगहों पर फंसे हुए लोगों की सुविधा के लिए क्षतिग्रस्त पुलों के स्थान पर बैली ब्रिज के निर्माण के भी निर्देश दिए।
मौसम ठीक होने पर हेलीकॉप्टर की ली जाएगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम ठीक होने पर हेलीकॉप्टरों का उपयोग करके लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिलों में फंसे लगभग 300 पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को निकालने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश में फंसे पर्यटकों की राज्यवार सूची तैयार करने के अलावा इन लोगों के ठहरने, भोजन और दवाओं इत्यादि सहित आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
उपायुक्तों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सुक्खू ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान छह मौतों की सूचना के उपरांत इस यात्रा को शेष सीजन के लिए रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इस वर्चुअल बैठक में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
सेब सीजन के दृष्टिगत सड़कों की शीघ्र बहाली पर जोर, चार करोड़ जारी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावितों की सहायता के लिए पर्याप्त धनराशि सुनिश्चित करेगी। सेब सीजन के दृष्टिगत उत्पादक क्षेत्रों में सड़कों की शीघ्र बहाली पर बल दिया। उन्होंने परवाणू-रोहड़ू, ठियोग से रामपुर, छैला से कुमारहट्टी सड़कों और अन्य सेब उत्पादन क्षेत्रों की सड़कों को खुला रखने और मलबा हटाने के लिए अतिरिक्त मशीनरी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन क्षेत्रों में तत्काल सड़क सुधार के लिए 4 करोड़ रुपये आवंटित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने रात खुलने तक राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी उपायुक्तों से बातकर संबंधित जिलों में हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावितों को तुरंत मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सोमवार तड़के सुबह रात खुलने तक यानी 4:00 बजे तक विभिन्न स्थानों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव कार्यों पर नज़र बनाए रखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। सुक्खू से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी रविवार देर शाम फोन पर बात की और भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न भागों में फंसे हरियाणा के लोगों को सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मनोहर लाल खट्टर को आश्वस्त किया कि वह निजी तौर पर इस मामले को देखेंगे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने मंडी जिला के नगवाईं में फंसे छह लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए गए बचाव अभियान पर भी नज़र बनाए रखी।
इन सभी छह लोगों को देर रात लगभग 2:00 बजे सुरक्षित निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने बचाव दल और स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना भी की। सुक्खू मनाली के आलू ग्राउंड में फंसे 29 लोगों और लाहौल स्थित चंद्रताल झील के पास फंसे लगभग दो सौ पर्यटकों के बारे में भी पल-पल की जानकारी लेते रहे। मुख्यमंत्री ने चंद्रताल झील के पास फंसे पर्यटकों के लिए खाने-पीने की सामग्री, दवाएं और अन्य आवश्यक सामान भेजने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन से उनके बारे में पल-पल की जानकारी लेते रहे, जिससे समय पर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य प्रशासन को विभिन्न स्थानों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लगातार संपर्क में हैं और व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार सभी लोगों के साथ है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्राओं से बचने और नदी-नालों के नजदीक न जाने की अपील भी की है।
जेपी नड्डा से फोन पर की बात
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने फोन पर की बातचीत। नड्डा ने प्राकृतिक आपदा से हुए भारी नुकसान, राहत और बचाव कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से की चर्चा। मुख्यमंत्री ने पूरी जानकारी देते हुए हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का अनुरोध किया। नड्डा ने हर संभव मदद का दिया आश्वासन। मुख्यमंत्री ने भारी नुकसान पर आर्थिक सहायता जल्द प्रदान करने का आग्रह किया।
मानसून में अभी तक 54 लोगों की मौत
हिमाचल में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। ऐसे में केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने सोमवार को सचिवालय में प्रेसवार्ता में कहा कि इसको लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत हुई है। नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश में 3 दिनों के भीतर बारिश से 17 लोगों की मौत हुई है जबकि प्रदेश में मानसून के शुरू होने से अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है।
नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश, प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से बात की। प्रदेश में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान से संबंधित हालात का जायजा लिया। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से पैदा हुए हालात और लोगों की परेशानी को देखते हुए नड्डा ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़कर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए। इसके लिए प्रदेश भाजपा ने सूचना एवं सहायता के लिए दो नंबर 9317221289 और 8580616570 भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क किया जा सकता है। भाजपा ने लोगों से मदद के लिए जारी किए नंबर पर संपर्क करने का आग्रह किया है। साथ ही सभी मंडल अध्यक्षों एवं जिला अध्यक्षों को भी इस नंबरों पर संपर्क करने के आदेश जारी किए, जिससे लोगों को मदद की जा सके।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोगों से की ये अपील
वहीं, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा प्रदेश के लोगों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में अनावश्यक यात्रा करने से बचें। जलस्त्रोतों से उचित दूरी बनाकर रखें। जितना हो सके घरों में रहें। सरकार, एनडीआरएफ़ की टीम व भाजपा आपकी हरसंभव मदद के लिए हर क्षण उपलब्ध है।
आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं कांग्रेस नेता : प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वह प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने इस आपदा से हुए जानमाल के नुकसान पर दुख प्रकट करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने हमेशा ही प्राकृतिक आपदाओं में राहत और बचाव कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लिया है और उन्हें उम्मीद है कि वह अब भी ऐसी ही मिसाल कायम रखेंगे।