सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Record Voter Turnout in the Second Phase of HP Panchayat Elections: Find Out the Situation in Each District

HP Panchayat Elections: पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में रिकाॅर्ड 80 फीसदी मतदान, जानें किस जिले में क्या स्थिति

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Thu, 28 May 2026 07:42 PM IST
विज्ञापन
सार

सुबह 7:00 से दोपहर 3:00 बजे तक मतपत्र व मत पेटी के माध्यम से 1276 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया गया। 

Record Voter Turnout in the Second Phase of HP Panchayat Elections: Find Out the Situation in Each District
नाै जिलों में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत रहा पुरुषों से अधिक। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए गुरुवार को दूसरे चरण का मतदान हुआ। सुबह 7:00 से दोपहर 3:00 बजे तक मतपत्र व मत पेटी के माध्यम से 1276 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया गया। शाम 7:00 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल मतदान लगभग 80 फीसदी दर्ज किया गया जिसमें अंतिम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद वृद्धि होने की संभावना है। जिला कुल्लू में सर्वाधिक लगभग 86 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। जिला सिरमौर में भी लगभग 85 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि जिला लाहौल-स्पिति में सबसे कम करीब 69 फीसदी मतदान हुआ। जिला कुल्लू में सर्वाधिक महिला मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया, जो लगभग 86 फीसदी रहा। राज्य के नाै जिलों में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुष मतदाताओं की तुलना में अधिक दर्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता एवं सशक्तीकरण को दर्शाता है। इसी प्रकार जिला सोलन के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत ढेला में सर्वाधिक लगभग 96 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। 


 वर्ष 2021 में 76 प्रतिशत रहा था मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष 2021 में आयोजित पंचायतीराज संस्थाओं के सामान्य चुनावों में द्वितीय चरण में 1208 ग्राम पंचायत में प्रदेश में लगभग 76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस बार रिकाॅर्ड 80 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं पहले चरण में 78.83 प्रतिशत मतदान हुआ था। पंचायतीराज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन के अंतर्गत प्रधान, उप प्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों की मतगणना प्रक्रिया देर रात तक जारी रही और परिणाम घोषित किए गए। इसके अतिरिक्त, 250 जिला परिषद वार्डों तथा 1684 पंचायत समिति वार्डों के लिए मतगणना 31 मई, 2026 को संपन्न करवाई जाएगी तथा उक्त पदों के निर्वाचन परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

जिलावार कुल मतदान प्रतिशत

क्रमसंख्या जिला का नाम कुल मतदाता कुल मतदान मतदान प्रतिशत
1 बिलासपुर 1,08,746 85,700 79
2 चंबा 1,48,219 1,16,100 78
3 हमीरपुर 1,25,768 94,247 75
4 कांगड़ा 3,95,856 3,00,823 76
5 किन्नौर 19,150 14,560 76
6 कुल्लू 1,03,797 88,769 86
7 लाहौल-स्पीति 7,243 5,025 69
8 मंडी 2,72,181 2,19,494 81
9 शिमला 1,74,514 1,40,678 81
10 सिरमौर 1,25,673 1,07,023 85
11 सोलन 1,19,682 1,00,081 84
12 ऊना 1,27,569 1,01,709 80
कुल 17,28,398 13,74,209 80

विज्ञापन

प्रदेश के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र में 76.62 प्रतिशत मतदान

प्रदेश के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र लाहौल-स्पीति के कॉमिक में  गुरुवार को विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के बीच मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। कॉमिक मतदान केंद्र पर 76.62 प्रतिशत मतदान हुआ। पूरी मतदान प्रक्रिया को पांच महिला कर्मचारियों की पोलिंग पार्टी ने संपन्न कराया। इस मतदान केंद्र पर 77 मतदाता पंजीकृत हैं, जिसमें में से वीरवार को 59 ने अपने मत का प्रयोग किया। इनमें 29 पुरुष और 30 महिलाएं शामिल रहीं। कॉमिक मतदान केंद्र लाहौल-स्पीति जिले के विकास खंड स्पीति की लांगजा पंचायत में 4,587 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। वहीं, काजा विकास खंड में दूसरे चरण में 74.82 प्रतिशत मतदान हुआ है। वीरवार को विकास खंड काजा की तीन पंचायतों लांगज़ा, हल और डेमुल में मतदान हुआ। लांगजा पंचायत के तीन वार्डों में पिंक पोलिंग बूथ स्थापित किए गए थे। तीन पंचायतों में कुल मतदाताओं की संख्या 973 हैं, जिसमें से 728 मतदाताओं ने मतदान किया। इन पंचायतों में महिला मतदाताओं की संख्या 484 है और पुरुष मतदाताओं की संख्या 489 है, जिसमें से 375 महिला मतदाता और 353 पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी स्पीति शिखा ने बताया कि प्रदेश की सबसे ऊंचे मतदान केंद्र कॉमिक सहित तीनों पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ।


 

पोलिंग पार्टी को खाना बनाते समय प्रेशर कुकर फटा, महिला घायल

पंचायत चुनाव ड्यूटी पर तैनात पोलिंग पार्टी के लिए खाना बनाते समय धर्मपुर के बनेरड़ी में अचानक प्रेशर कुकर फटने से महिला घायल हो गई। हादसे में महिला की आंखों में चोट आई। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया। जानकारी के अनुसार पोलिंग पार्टी के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रसोई में प्रेशर कुकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी आंखों में चोट लगने की बात सामने आई। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल स्वयं नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से घायल महिला को फौरी राहत के तौर पर पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed