Shimla: टुटू और कुमारसैन में चिट्टा तस्करों पर कार्रवाई, युवती समेत पांच गिरफ्तार
एसआईयू की टीमों ने टुटू और कुमारसैन में दो अलग-अलग मामलों में 17.30 ग्राम चिट्टे के साथ युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
चिट्टा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रविवार देर रात को एसआईयू की टीमों ने टुटू और कुमारसैन में दो अलग-अलग मामलों में 17.30 ग्राम चिट्टे के साथ युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पहला मामला बालूगंज थाना के अंतर्गत टुटू क्षेत्र का है। यहां रविवार देर रात को एएसआई सुशील की अगुवाई में एसआईयू की टीम नियमित गश्त कर रही थी। इस दौरान न्यू टुटू में रेलवे स्टेशन के समीप टीम ने एक घर से चार आरोपियों के कब्जे से 10.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान मोहित निवासी मज्याठ टुटू, राकेश गर्ग निवासी कंडाघाट जिला सोलन, अमित सोनी निवासी कंडाघाट जिला सोलन और सिमरन निवासी न्यू टुटू के रूप में हुई है। एसआईयू की टीम ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
आगामी जांच के लिए चारों आरोपियों को बालूगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है कि चारों आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे। दूसरा मामला कुमारसैन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सामने आया है। स्पेशल सेल की टीम ने 6.77 ग्राम चिट्टे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। रविवार को स्पेशल सेल रामपुर की टीम सुन्नी-सैंज मार्ग पर गश्त कर रही थी। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बडू नामक स्थान पर एक युवक की तलाशी ली। तलाशी में युवक के कब्जे से 6.77 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान रितिक निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने कुमारसैन थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद इस बात का पता लगाएगी कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था। नए साल में शिमला पुलिस नशा तस्करी के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। दूसरे राज्यों से चिट्टे के तस्करी को गिरफ्तार किया जा रहा है तो वहीं सप्लायरों की भी धरपकड़ की जा रही है।
बस में सवार युवक से 7.29 ग्राम चिट्टा पकड़ा
पुलिस ने आंजी बाईपास के समीप पंजाब रोडवेज की बस में सवार एक युवक से 7.29 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की है। इसमें आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जानकारी के अनुसार सूचना मिली कि पंजाब रोडवेज की एक बस में 30 वर्षीय कपिल निवासी गांव कानाध्यालग, डाकघर धर्मपुर वर्तमान में कंडाघाट में रह रहा है। यह युवक बाहरी राज्य से चिट्टा लेकर आया रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर बस को तलाशी के लिए आंजी के समीप रोका। इस दौरान युवक की तलाशी लेने पर 7.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। एसपी सोलन गौरव सिंह ने पुष्टि की है।
नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की टीमें दिन-रात कार्रवाई कर रही है! टुटू और कुमारसैन में दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।- संजीव कुमार गांधी, डीआईजी
