फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   BWF World Championships Draw: Ayush Meets Shi Yuqi, Sindhu and Lakshya Start Favourably Know

BWF चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी की पहले ही दौर में मौजूदा चैंपियन शी यूकी से भिड़ंत, सिंधू-लक्ष्य को आसान शुरुआत

Wed, 05 Aug 2026 10:49 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 05 Aug 2026 10:49 PM IST
सार

भारत के लिए बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के ड्रॉ में मिला-जुला नतीजा रहा। आयुष शेट्टी को पहले ही दौर में मौजूदा चैंपियन शी यूकी से भिड़ना होगा, जबकि पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग को अपेक्षाकृत अनुकूल शुरुआत मिली।

विज्ञापन
BWF World Championships Draw: Ayush Meets Shi Yuqi, Sindhu and Lakshya Start Favourably Know
पीवी सिंधू - फोटो : IANS

विस्तार

बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के ड्रॉ में भारतीय खिलाड़ियों को मिला-जुला मुकाबला मिला है। एशियन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष शेट्टी को पहले ही दौर में मौजूदा विश्व चैंपियन और चीन के स्टार शी यूकी का सामना करना होगा। वहीं, पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन को शुरुआती दौर में अपेक्षाकृत आसान प्रतिद्वंद्वी मिले हैं। 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता की मेजबानी भारत 17 साल बाद कर रहा है।
विज्ञापन

सिंधू की नजर रिकॉर्ड छठे विश्व पदक पर
पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की विश्व नंबर 141 सोफिया नोबेल के खिलाफ करेंगी। सिंधू विश्व चैंपियनशिप में रिकॉर्ड छठा पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी। ड्रॉ के अनुसार सिंधू पदक दौर से पहले दुनिया की नंबर एक एन से यंग (दक्षिण कोरिया) और मौजूदा विश्व चैंपियन अकाने यामागुची (जापान) से भिड़ने से बच गई हैं। हालांकि, प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी से हो सकता है, जबकि क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की छठी वरीय पुत्री कुसुमा वारदानी चुनौती बन सकती हैं।

लक्ष्य सेन को पहले दौर में ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी
2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन पहले दौर में ऑस्ट्रिया के कोलिन्स वेलेंटाइन फिलिमोन से भिड़ेंगे। अगर वह आगे बढ़ते हैं तो प्री-क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्न से संभावित मुकाबला हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

आयुष के सामने सबसे बड़ी चुनौती
भारतीय खिलाड़ियों में सबसे कठिन ड्रॉ आयुष शेट्टी को मिला है। उनका पहले ही मैच में चीन के शीर्ष खिलाड़ी और मौजूदा विश्व चैंपियन शी यूकी से सामना होगा। आयुष अब तक शी यूकी के खिलाफ तीनों मुकाबले हार चुके हैं, लेकिन हालिया मुकाबलों में उन्होंने चीनी खिलाड़ी को कड़ी टक्कर दी है।

सात्विक-चिराग को पहले दौर में बाय
पुरुष युगल में पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाय मिला है। दूसरे दौर में उनका मुकाबला स्कॉटलैंड की अलेक्जेंडर डन-एडम प्रिंगल या थाईलैंड की चलोएमपोन चारोएनकिटामोर्न-वोरापोल थोंगसा-ंगा की जोड़ी से होगा। प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना इंडोनेशिया की 12वीं वरीय रेमंड इंद्रा-निकोलाउस जोआकिम की जोड़ी से होने की संभावना है, जिसने जून में इंडोनेशिया ओपन का फाइनल खेला था।
विज्ञापन

गोपीचंद बोले- भारतीय खिलाड़ियों के लिए ड्रॉ अनुकूल
मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद ने ड्रॉ को भारतीय खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा, 'कुल मिलाकर भारतीय नजरिए से यह अच्छा ड्रॉ है। सबसे बड़ा मुकाबला पहले दौर में आयुष शेट्टी और शी यूकी के बीच होगा। आयुष का आक्रामक खेल उन्हें मौका देता है। अगर वह जीतते हैं तो उनका ड्रॉ पूरी तरह खुल जाएगा।'

लक्ष्य पहले से ज्यादा परिपक्व खिलाड़ी
गोपीचंद ने लक्ष्य सेन की तारीफ करते हुए कहा कि 2021 में विश्व चैंपियनशिप का कांस्य जीतने वाले लक्ष्य अब पहले से कहीं अधिक अनुभवी और परिपक्व खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कुनलावुत के खिलाफ संभावित मुकाबला बेहद कठिन और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन घरेलू परिस्थितियों और अच्छी तैयारी के कारण लक्ष्य से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

पुरुष एकल में पदक की उम्मीद
गोपीचंद का मानना है कि इस बार पुरुष एकल वर्ग पहले की तुलना में काफी खुला है और किसी एक खिलाड़ी का दबदबा नहीं है। उन्होंने कहा कि आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन दोनों के पास पोडियम तक पहुंचने की क्षमता है। हालांकि उन्होंने फ्रांस के पोपोव बंधुओं, चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन और इंडोनेशिया के अल्वी फरहान जैसे खिलाड़ियों को भी मजबूत दावेदार बताया।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले
  • उन्नति हुड्डा पहले दौर में म्यांमार की थेट हतार थुजार से भिड़ेंगी। जीतने पर उनका सामना कनाडा की 13वीं वरीय मिशेल ली से हो सकता है।
  • मिश्रित युगल में 15वीं वरीय ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो को पहले दौर में बाय मिला है। प्री-क्वार्टर फाइनल में उनकी संभावित भिड़ंत चीन की छठी वरीय गुओ शिन वा-चेन फांग हुई से हो सकती है।
  • रोहन कपूर-जी. रुथविका शिवानी पहले दौर में कनाडा के जोनाथन लाई-क्रिस्टल लाई से खेलेंगे।
  • महिला युगल में त्रिसा जॉली-गायत्री गोपीचंद का मुकाबला स्पेन की पाउला लोपेज-लूसिया रोड्रिगेज से होगा।
  • सिमरन सिंघी-काविप्रिया सेल्वम भी पहले दौर में स्पेन की निकोल कारुला-कारमेन जिमेनेज की जोड़ी से भिड़ेंगी।
  • पुरुष युगल में एमआर अर्जुन-हरिहरन की जोड़ी आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया-पॉल रेनॉल्ड्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed