फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash

Explainer: फीफा विश्वकप में फ्रांस vs स्पेन सेमीफाइनल आज; 18 सवाल-जवाब में जानें इस मैच से जुड़ी पूरी जानकारी

Tue, 14 Jul 2026 09:06 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अर्लिंग्टन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अर्लिंग्टन Published by: स्वप्निल शशांक Updated Tue, 14 Jul 2026 09:06 AM IST
सार

फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मंगलवार देर रात फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। दोनों यूरोपीय दिग्गज खिताब से सिर्फ दो कदम दूर हैं। एक ओर किलियन एमबाप्पे की आक्रामक फ्रांस टीम है तो दूसरी तरफ लामिन यमाल और रोड्री से सजी संतुलित स्पेनिश टीम। आइए 17 सवालों के जरिए जानते हैं इस महामुकाबले से जुड़ी हर अहम जानकारी।

विज्ञापन
France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : AP Photos

विस्तार

फीफा विश्वकप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। चार टीमों के बीच विश्व विजेता बनने की जंग शुरू हो चुकी है और पहला सेमीफाइनल दो यूरोपीय दिग्गजों फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई है। यह मुकाबला भारत में 15 जुलाई को रात 12:30 बजे से खेला जाएगा। हालांकि, अमेरिकी समयानुसार यह मैच 14 जुलाई को ही है। इसके बाद 15 जुलाई (भारत के समय के हिसाब से 16 जुलाई को रात 12:30 बजे से) को डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

विज्ञापन

फ्रांस तीसरी बार लगातार विश्व कप फाइनल में पहुंचने का इतिहास रचने के बेहद करीब है, जबकि मौजूदा यूरोपीय चैंपियन स्पेन अपने दूसरे विश्व कप खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाना चाहेगा। इस मुकाबले में किलियन एमबाप्पे और लामिन यमाल जैसे सुपरस्टार आमने-सामने होंगे। आइए 18 सवालों के जरिए समझते हैं इस हाई-वोल्टेज मुकाबले की पूरी कहानी।

विज्ञापन

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
केन, मेसी, एमबाप्पे और यमाल - फोटो : AP

1. फ्रांस और स्पेन के बीच सेमीफाइनल कब और कहां खेला जाएगा?
फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल अमेरिका के टेक्सस स्थित आर्लिंग्टन के डलास स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला 15 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा, लेकिन अमेरिका समयानुसर यह मुकाबला 14 जुलाई को दोपहर दो बजे शुरू होगा। इस विश्व कप में इस स्टेडियम पर सबसे ज्यादा नौ मैच आयोजित किए गए हैं। आप इसका प्रसारण आधे घंटे पहले से इसके ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर्स यूनाइट8 स्पोर्ट्स चैनल पर देख सकते हैं। इसके अलावा ओटीटी पर इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 एप पर देख सकते हैं। 

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
एमबाप्पे और यमाल - फोटो : IANS

2. दोनों टीमें सेमीफाइनल तक कैसे पहुंचीं?
फ्रांस ने ग्रुप-आई में अपने तीनों मुकाबले जीतकर नौ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद उसने राउंड ऑफ-32 में स्वीडन को 3-0 से हराया, प्री-क्वार्टर फाइनल में पराग्वे को 1-0 से मात दी और क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।वहीं स्पेन ने ग्रुप-एच में सात अंक जुटाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने सऊदी अरब और उरुग्वे को हराया, जबकि केप वर्डे के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा। नॉकआउट में स्पेन ने ऑस्ट्रिया को 3-0, पुर्तगाल को 1-0 और बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

विज्ञापन

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
एमबाप्पे - फोटो : FIFA.COM

3. मैच से पहले एमबाप्पे ने क्या कहा?
 
  • फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे इस विश्व कप में पांच मैचों में आठ गोल कर गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। हालांकि, उन्होंने अपनी टीम को लेकर बड़ी बात कही।
  • एमबाप्पे ने कहा, 'मैं 2018 में विश्व चैंपियन रहा हूं और 2022 में विश्व कप का उपविजेता भी। लेकिन यह टीम अभी तक कुछ भी हासिल नहीं कर पाई है। हालांकि इसमें सबसे ज्यादा क्षमता है। इस टीम में इतनी खूबियां हैं कि यह आपको बड़े सपने देखने का मौका देती है।'
  • अगर फ्रांस स्पेन को हराने में सफल रहता है तो वह लगातार तीसरे विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली सिर्फ दूसरी यूरोपीय टीम बन जाएगी। इससे पहले यह उपलब्धि पश्चिम जर्मनी ने हासिल की थी।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
कोच फुएंते - फोटो : IANS

4. स्पेन के कोच ने इस मुकाबले को क्यों बताया 'फाइनल से पहले का फाइनल'?
 
  • स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते का मानना है कि यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है।
  • उन्होंने कहा, 'इसे फाइनल से पहले का फाइनल कहना बिल्कुल भी अतिशयोक्ति नहीं होगी। हम उन टीमों में हैं जो फाइनल तक पहुंचने की क्षमता रखती हैं। अब हमारा पूरा ध्यान सिर्फ फ्रांस पर है।'
  • उन्होंने आगे कहा, 'हमें फ्रांस की अपार क्षमता का पूरा एहसास है, लेकिन हमें यह भी पता है कि हम वही टीम हैं जिसने उन्हें दो सेमीफाइनल में हराया है।' स्पेन ने यूरो 2024 और यूईएफए नेशंस लीग 2025 के सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया था।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
यमाल और एमबाप्पे आमने-सामने होंगे - फोटो : FIFA.COM

5. सेमीफाइनल जीतने वाली टीम का सामना किससे होगा?
फ्रांस और स्पेन के बीच होने वाले इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से भिड़ेगी। विश्व कप का फाइनल 19 जुलाई (भारत में 20 जुलाई) को न्यू जर्सी में खेला जाएगा।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
स्पेन टीम - फोटो : Fifa.com

6. फ्रांस बनाम स्पेन: हेड-टु-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमें अब तक 38 बार आमने-सामने आ चुकी हैं।
 
आंकड़ा रिकॉर्ड
कुल मुकाबले 38
स्पेन की जीत 18
फ्रांस की जीत 13
ड्रॉ 7

आंकड़े बताते हैं कि स्पेन का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है, लेकिन विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में पुराने रिकॉर्ड ज्यादा मायने नहीं रखते।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
स्पेन टीम - फोटो : Fifa.com

7. पिछले पांच मुकाबलों में किसका पलड़ा भारी रहा?
 
मुकाबला परिणाम
नेशंस लीग 2025 स्पेन 5-4 फ्रांस
यूरो 2024 स्पेन 2-1 फ्रांस
नेशंस लीग 2021 फाइनल फ्रांस 2-1 स्पेन
फ्रेंडली मैच 2017 स्पेन 2-0 फ्रांस
फ्रेंडली मैच 2014 फ्रांस 1-0 स्पेन

स्पेन ने पिछले दो बड़े टूर्नामेंट मुकाबलों में फ्रांस को हराया है, जिससे उसका आत्मविश्वास काफी ऊंचा होगा।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
बेल्जियम के खिलाफ मैच में यमाल - फोटो : PTI

8. दोनों टीमों की ताजा स्थिति कैसी है?
 
  • फ्रांस की टीम सेमीफाइनल से पहले कुछ चोटों की चिंता से जूझ रही है।
  • मिडफील्डर मानु कोने (शारीरिक असहजता) और ऑरेलियन चुआमेनी (ग्रोइन) पूरी तरह फिट नहीं हैं।
  • वहीं डिफेंडर दायोट उपामेकानो और विलियम सलीबा ने भी अंतिम ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा नहीं लिया।
  • हालांकि टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि इनमें से कुछ खिलाड़ी मैच तक फिट हो सकते हैं।
  • दूसरी ओर स्पेन के लिए अच्छी खबर यह है कि उसकी टीम में किसी खिलाड़ी की चोट की सूचना नहीं है।
  • लगभग पूरी टीम फिट है और कोच लुइस डे ला फुएंते के पास सर्वश्रेष्ठ संयोजन उतारने का मौका होगा।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
एमबाप्पे - फोटो : FIFA.COM

9. दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है?
 
  • फ्रांस (4-2-3-1): माइक मेगनन (गोलकीपर), जूल्स कुंडे, दायोट उपामेकानो, विलियम सलीबा, लुकास डिग्ने, मानु कोने, एड्रियन राबियो, उस्मान डेम्बेले, माइकल ओलिसे, देज़िरे डूए, किलियन एमबाप्पे।
  • स्पेन (4-2-3-1):  उनाई सिमोन (गोलकीपर), पेड्रो पोरो, पाउ कुबार्सी, आयमेरिक लापोर्ट, मार्क कुकुरेला, रोड्री, फैबियन रुइज, लामिन यमाल, दानी ओल्मो, एलेक्स बाएना, मिकेल ओयारजाबाल।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
एमबाप्पे और डेशॉ - फोटो : FIFA.COM

10. क्या विश्व कप में पहले भी भिड़ चुके हैं फ्रांस और स्पेन?
जी हां, लेकिन सिर्फ एक बार। दोनों टीमें 2006 फीफा विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में आमने-सामने आई थीं। उस मुकाबले में फ्रांस ने स्पेन को 3-1 से हराया था। फ्रैंक रिबेरी, पैट्रिक विएरा और महान जीनेदिन जिदान ने गोल किए थे। इसके बाद विश्व कप में दोनों की पहली भिड़ंत अब 20 साल बाद हो रही है।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
स्पेन के ओयारजाबाल - फोटो : Fifa.com

11. यूरो कप में किसका पलड़ा भारी रहा है?
फ्रांस और स्पेन यूरोपीय चैंपियनशिप में पांच बार आमने-सामने आए हैं। दोनों टीमों ने दो-दो मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। हालांकि पिछली भिड़ंत यूरो 2024 के सेमीफाइनल में हुई थी, जहां स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब की राह बनाई थी।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
स्पेन ने 2010 और फ्रांस ने 2018 में खिताब जीता था - फोटो : Twitter

12. किस टीम ने ज्यादा बड़े खिताब जीते हैं?
 
टूर्नामेंट फ्रांस स्पेन
फीफा विश्व कप 2 (1998, 2018) 1 (2010)
यूरो कप 2 (1984, 2000) 4 (1964, 2008, 2012, 2024)
ओलंपिक स्वर्ण 1 (1984) 2 (1992, 2024)

विश्व कप के मामले में फ्रांस आगे है, जबकि यूरो चैंपियनशिप में स्पेन सबसे सफल टीमों में शामिल है।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
डेम्बेले (व्हाइट जर्सी में) - फोटो : FIFA.COM/AP

13. फ्रांस के सबसे बड़े मैच विनर कौन हैं?
किलियन एमबाप्पे इस विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पांच मैचों में आठ गोल और तीन असिस्ट किए हैं। उनके अलावा उस्मान डेम्बेले ने पांच गोल किए हैं, जबकि माइकल ओलिसे पांच असिस्ट के साथ टीम के सबसे बड़े प्लेमेकर साबित हुए हैं। ब्रैडली बारकोला ने भी दो गोल कर फ्रांस के आक्रमण को और मजबूत बनाया है।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
ओयारजाबाल - फोटो : Fifa.com

14. स्पेन की सबसे बड़ी ताकत कौन है?
स्पेन के लिए मिकेल ओयारजाबाल अब तक चार गोल कर चुके हैं। रोड्री और फैबियन रुइज ने मिडफील्ड पर शानदार नियंत्रण रखा है, जबकि दानी ओल्मो और मार्क कुकुरेला ने भी अहम योगदान दिया है। लामिन यमाल अब तक केवल एक गोल कर पाए हैं, लेकिन बड़े मुकाबलों में उनका प्रभाव किसी से छिपा नहीं है।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
एमबाप्पे और डेशॉ - फोटो : FIFA.COM

15. फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी क्या है?
फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत उसका आक्रामक खेल है। एमबाप्पे, डेम्बेले, बारकोला और ओलिसे की चौकड़ी किसी भी रक्षा पंक्ति को तोड़ने की क्षमता रखती है। हालांकि ग्रुप चरण में फ्रांस के डिफेंडर्स कुछ कमजोर नजर आए थे और उन्होंने नॉर्वे तथा सेनेगल के खिलाफ गोल खाए थे। लेकिन नॉकआउट चरण में टीम ने लगातार तीन क्लीन शीट रखकर अपनी डिफेंस को भी मजबूत साबित किया है।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
फीफा विश्वकप 2026 - फोटो : FIFA.COM

16. स्पेन की ताकत और कमजोरी क्या है?
स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत डिफेंस है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया है। रोड्री की मौजूदगी मिडफील्ड को संतुलन देती है। हालांकि स्पेन का आक्रमण कई बार धीमा नजर आया है। पिछले दो नॉकआउट मुकाबलों में उसे जीत के लिए अंतिम मिनटों तक इंतजार करना पड़ा। ऐसे में फ्रांस जैसी तेज आक्रमण वाली टीम के खिलाफ उसे मौके भुनाने होंगे।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
पेनल्टी पर गोल दागते एमबाप्पे - फोटो : ANI

17. अगर मुकाबला ड्रॉ रहा तो क्या होगा?
यदि निर्धारित 90 मिनट के बाद स्कोर बराबर रहता है तो मैच 30 मिनट के एक्स्ट्रा टाइम में जाएगा। अगर इसके बाद भी नतीजा नहीं निकलता है तो विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से होगा।

France vs Spain FIFA World Cup 2026 Semifinal: 18 Q&A That Explains Everything About this Blockbuster Clash
यमाल और एमबाप्पे - फोटो : Twitter

18. एमबाप्पे बनाम यमाल, किसकी टूटेगी अजेय लय?
 
  • इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा किलियन एमबाप्पे और 18 वर्षीय स्टार लामिन यमाल की टक्कर को लेकर है।
  • दिलचस्प बात यह है कि नॉकआउट मुकाबलों में यमाल अब तक एमबाप्पे के खिलाफ कभी नहीं हारे हैं।
  • यूरो 2024 सेमीफाइनल, स्पेनिश सुपरकोपा 2025, कोपा डेल रे 2025, नेशंस लीग 2025 और सुपरकोपा 2026 में यमाल की टीम ने जीत हासिल की।
  • वहीं दूसरी ओर एक और रिकॉर्ड फ्रांस के पक्ष में है। एमबाप्पे जब भी विश्व कप में शुरुआती एकादश का हिस्सा रहे हैं, फ्रांस को निर्धारित समय या अतिरिक्त समय में कभी हार नहीं मिली है।
  • ऐसे में डलास में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों का नहीं, बल्कि दो शानदार रिकॉर्ड का भी इम्तिहान होगा।

फुटबॉल फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर फाइनल का टिकट कौन कटाएगा- एमबाप्पे की विस्फोटक फ्रांस या फिर यमाल की संतुलित स्पेन।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed