सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   Neymar Breaks Down in Tears After Emotional Brazil Return at FIFA World Cup 2026

Neymar in Tears: तीन साल बाद ब्राजील के लिए मैदान पर उतरे नेमार, छलक पड़े आंसू; गर्लफ्रेंड ब्रूना भी दिखीं साथ

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 25 Jun 2026 10:53 AM IST
विज्ञापन
सार

ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार ने फीफा विश्वकप 2026 में स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में तीन साल बाद राष्ट्रीय टीम के लिए वापसी की। चोटों और सर्जरी से जूझने के बाद जब वह 76वें मिनट में मैदान पर उतरे तो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। कैमरों ने उन्हें आंसू पोंछते हुए कैद किया। यह पल उनके लंबे संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वापसी की कहानी का प्रतीक बन गया।

Neymar Breaks Down in Tears After Emotional Brazil Return at FIFA World Cup 2026
भावुक नेमार और पार्टनर ब्रूना बेटी के साथ - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार

फीफा विश्वकप 2026 में ब्राजील की स्कॉटलैंड पर 3-0 की शानदार जीत के बीच एक ऐसा भावुक पल देखने को मिला जिसने दुनियाभर के फुटबॉल फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ब्राजील के दिग्गज स्टार नेमार जूनियर करीब तीन साल बाद राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरे और इस दौरान अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। नेमार मैच के बाद पार्टनर ब्रूना बियांकार्डी और दोनों बेटियों के साथ नजर आए। ब्रूना ने भावुक नेमार को किस भी किया। फिर नेमार बेटी मावी और मेल के साथ खेलते नजर आए। यह क्यूट पल कैमरे में कैद भी हो गया।



हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के 76वें मिनट में ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने नेमार को मैदान पर भेजा। उन्होंने मैथियस कुन्हा की जगह ली। जैसे ही नेमार मैदान पर पहुंचे, स्टेडियम में मौजूद ब्राजीलियाई समर्थकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कुछ ही देर बाद कैमरों ने नेमार को आंखों से आंसू पोंछते हुए कैद किया। यह सिर्फ एक खिलाड़ी का मैदान पर लौटना नहीं था, बल्कि संघर्ष, दर्द और इंतजार से भरी लंबी यात्रा का अंत भी था।

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

Neymar Breaks Down in Tears After Emotional Brazil Return at FIFA World Cup 2026
नेमार को किस करतीं ब्रूना - फोटो : Twitter
अक्तूबर 2023 के बाद पहली बार ब्राजील के लिए खेले
यह नेमार का अक्तूबर 2023 के बाद ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए पहला मुकाबला था। पिछले लगभग तीन वर्षों में चोटों ने उनके करियर की रफ्तार को बार-बार रोका। कई बार ऐसा लगा कि नेमार के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वापसी आसान नहीं होगी। लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं ने उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रखा।

सर्जरी और रिहैबिलिटेशन के कठिन दौर से गुजरे
ब्राजील के इस स्टार खिलाड़ी को पिछले कुछ वर्षों में कई गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा। घुटने की चोटों के कारण उन्हें एक से अधिक सर्जरी करानी पड़ी और लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा। इन चोटों ने उन्हें राष्ट्रीय टीम से दूर कर दिया और कई बार उनके भविष्य को लेकर सवाल भी उठने लगे।

Neymar Breaks Down in Tears After Emotional Brazil Return at FIFA World Cup 2026
पार्टनर और बच्चों के साथ नेमार - फोटो : Twitter
मई में लगी नई चोट ने बढ़ाई थी चिंता
नेमार की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। 17 मई को ब्राजीलियन सीरी ए में सैंटोस की ओर से खेलते हुए कोरितिबा के खिलाफ मुकाबले में उनकी दाहिनी पिंडली में ग्रेड-2 टियर हो गया था। इस चोट के कारण वह एक महीने से अधिक समय तक मैदान से बाहर रहे। इसके बाद फिर से सवाल उठने लगे कि क्या 34 वर्षीय नेमार अब भी सर्वोच्च स्तर पर खेल सकते हैं।

 

Neymar Breaks Down in Tears After Emotional Brazil Return at FIFA World Cup 2026
नेमार की मैदान पर वापसी - फोटो : FIFA.COM
एंसेलोटी ने दिखाया भरोसा
हालांकि ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने नेमार पर अपना भरोसा बनाए रखा। उन्होंने विश्वकप के महत्वपूर्ण मंच पर अनुभवी खिलाड़ी को मौका दिया और नेमार ने भी मैदान पर उतरकर इस भरोसे का जवाब दिया। भले ही वह गोल नहीं कर सके, लेकिन उनकी वापसी ही ब्राजीलियाई फुटबॉल प्रशंसकों के लिए किसी जीत से कम नहीं थी।

Neymar Breaks Down in Tears After Emotional Brazil Return at FIFA World Cup 2026
नेमार की वापसी - फोटो : Twitter
भावनाओं में डूबा एक यादगार पल
नेमार लंबे समय से ब्राजील फुटबॉल की पहचान रहे हैं। लेकिन लगातार चोटों ने उनके करियर को कई बार पटरी से उतारा। यही वजह रही कि स्कॉटलैंड के खिलाफ मैदान पर लौटने का क्षण उनके लिए बेहद खास बन गया। जब वह आंसू पोंछते दिखाई दिए, तो यह सिर्फ भावुकता नहीं थी, बल्कि उन तमाम मुश्किलों, सर्जरी, दर्द और इंतजार की कहानी थी, जिनसे गुजरकर उन्होंने विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर वापसी की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed