Paralympics 2024: पीएम मोदी ने दी हरविंदर को बधाई, तीरंदाज ने भारत को दिलाया पेरिस पैरालंपिक में चौथा स्वर्ण
पोलियो ग्रस्त हरविंदर ने तीरंदाजी के ओपन रिकर्व के फाइनल में पोलैंड के ल्यूकास सिजेक को 6-0 से हराकर स्वर्ण जीता। वह पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले देश के पहले पैरा तीरंदाज बन गए। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की रिकर्व ओपन प्रतियोगिता में लगातार चार जीत हासिल करके फाइनल में प्रवेश किया था।

विस्तार


पीएम ने हरविंदर की ऐतिहासिक जीत पर अपने एक्स हैंडल पर लिखा- पैरा तीरंदाजी में एक बहुत ही खास स्वर्ण पदक! पैरालंपिक 2024 में पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व ओपन में स्वर्ण पदक जीतने के लिए हरविंदर सिंह को बधाई! उनकी सटीकता, ध्यान और अटूट भावना शानदार है। भारत उनकी उपलब्धि से बहुत खुश है।
A very special Gold in Para Archery!
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2024
Congratulations to Harvinder Singh for winning the Gold medal in the Men's Individual Recurve Open at the #Paralympics2024!
His precision, focus and unwavering spirit are outstanding. India is very happy with his accomplishment.… pic.twitter.com/CFFl8p7yP2

पेरिस पैरालंपिक में भारत ने चौथा स्वर्ण पदक जीता है। अब भारत के नाम 22 पदक हो गए हैं। इनमें चार स्वर्ण, आठ रजत और 10 कांस्य हैं। इसी के साथ भारत पैरालंपिक की पदक तालिका में 15वें स्थान पर पहुंच गया है। पदकों की यह संख्या अब तक की सर्वश्रेष्ठ है। टोक्यो 2020 पैरालंपिक में भारत ने 19 पदक जीते थे। भारत इस साल 25 पार के लक्ष्य के साथ उतरा है। वहीं, भारत ने एक पैरालंपिक खेलों में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का नया रिकॉर्ड कायम किया है।

पोलियो ग्रस्त हरविंदर ने तीरंदाजी के ओपन रिकर्व के फाइनल में पोलैंड के ल्यूकास सिजेक को 6-0 से हराकर स्वर्ण जीता। वह पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले देश के पहले पैरा तीरंदाज बन गए। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की रिकर्व ओपन प्रतियोगिता में लगातार चार जीत हासिल करके फाइनल में प्रवेश किया था। हरविंदर ने अंतिम चार चरण में ईरान के मोहम्मद रजा अरब अमेरी को 7-3 से हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में हरविंदर ने दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी कोलंबिया के हेक्टर जूलियो रामिरेज को हराया। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 32 में चीनी ताइपे के त्सेंग लुंग-हुई को 7-3 से हराया और फिर शुरुआती सेट में पिछड़ने के बाद इंडोनेशिया के सेतियावान सेतियावान को अंतिम 16 राउंड में 6-2 से हराया।