फीफा विश्वकप में कल क्या हुआ और आज क्या?: कोलंबिया नॉकआउट में; पुर्तगाल की दमदार वापसी, घाना-इंग्लैंड मैच ड्रॉ
फीफा विश्वकप 2026 का 13वां दिन कई बड़े घटनाक्रमों का गवाह बना। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो गोल दागकर पुर्तगाल को उज्बेकिस्तान पर 5-0 की शानदार जीत दिलाई और विश्व कप इतिहास में छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। वहीं इंग्लैंड को घाना के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। दूसरी ओर, क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और लुका मोड्रिच के 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बना दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्वकप 2026 में 13वां दिन कई बड़े घटनाक्रमों से भरा रहा। ह्यूस्टन में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दो गोल दागकर पुर्तगाल को उज्बेकिस्तान पर 5-0 की धमाकेदार जीत दिलाई और विश्व कप इतिहास में नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वहीं ग्रुप एल में घाना ने मजबूत इंग्लैंड को 0-0 की बराबरी पर रोककर नॉकआउट की दौड़ को रोमांचक बना दिया। इसी ग्रुप के दूसरे मुकाबले में क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराकर अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा और कप्तान लुका मोड्रिच के 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बना दिया। उधर कोलंबिया ने रोमांचक मुकाबले में कांगो को हरा दिया और राउंड ऑफ 32 के लिए क्वालिफाई किया।
रोनाल्डो ने आलोचकों को दिया करारा जवाब
विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों में से एक क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर कांगो के खिलाफ पहले मैच में फीके प्रदर्शन के बाद सवाल उठने लगे थे। कई विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने यहां तक कह दिया था कि 41 वर्षीय स्टार को अब शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिलनी चाहिए, लेकिन ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में रोनाल्डो ने अपने खेल से सभी आलोचनाओं का जवाब दे दिया। उन्होंने दो गोल किए और पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंद दिया।
मैच के छठे मिनट में जोआओ कैंसिलो के क्रॉस पर रोनाल्डो ने शानदार फिनिश करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद उनका मशहूर 'सियू' सेलिब्रेशन भी देखने को मिला। 17वें मिनट में नूनो मेंडेस ने फ्री-किक से गोल कर स्कोर 2-0 किया। फिर 39वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस के पास पर रोनाल्डो ने अपना दूसरा गोल दागते हुए मैच लगभग खत्म कर दिया। दूसरे हाफ में एक आत्मघाती गोल और फिर राफेल लियाओ के गोल ने जीत का अंतर 5-0 तक पहुंचा दिया।
विश्व कप इतिहास में नया अध्याय लिख गए रोनाल्डो
रोनाल्डो के दोनों गोल सिर्फ टीम की जीत के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं थे, बल्कि उन्होंने विश्व फुटबॉल इतिहास में नया रिकॉर्ड भी बनाया।
- विश्व कप के छह अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।
- यह उनका छठा विश्व कप है।
- उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) चुना गया।
इस उपलब्धि ने उनके पहले से ही शानदार करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। पुर्तगाल का अगला मुकाबला कोलंबिया से होगा, जो ग्रुप विजेता तय कर सकता है।
रोनाल्डो ने क्या कहा?
मैच के बाद रोनाल्डो ने आलोचनाओं का जवाब बेहद शांत अंदाज में दिया। उन्होंने कहा, 'हमने सुधार किया। जिंदगी में चुनौतियां आती हैं और हमारा मुख्य लक्ष्य हमेशा बेहतर बनना होता है। आज हमने वही किया।' आलोचनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा, 'पिछला सप्ताह मुश्किल था। मेरे और कोच दोनों के लिए, क्योंकि ज्यादातर आलोचनाएं हम पर ही हुईं। लेकिन ऐसा हमेशा होता है। जब सब अच्छा चलता है तो लोग कहते हैं कि क्रिस्टियानो शानदार है और जब चीजें खराब होती हैं तो कहते हैं कि वह बूढ़ा हो गया है या रिटायर हो चुका है। लेकिन आज हमने मैदान पर जवाब दिया।'
कोच मार्टिनेज ने अनुभव की ताकत बताई
पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने कहा कि टीम के अनुभवी खिलाड़ियों ने दबाव को सकारात्मक ऊर्जा में बदल दिया। उन्होंने कहा, 'जिस अनुशासन और तरीके से हमने मैच को अंजाम दिया, वह शानदार था। ड्रेसिंग रूम की परिपक्वता ने बाहरी शोर को सकारात्मक रूप में इस्तेमाल किया। किसी दूसरी टीम में यही स्थिति नुकसानदायक साबित हो सकती थी।'
उज्बेकिस्तान का सपना टूटने जैसा झटका
पहली बार विश्व कप खेल रही उज्बेकिस्तान की टीम को करारी हार झेलनी पड़ी। 30वें मिनट में अजीजजोन गानिएव ने गोल कर दिया था, लेकिन वीडियो समीक्षा में उससे पहले फाउल पाया गया और गोल रद्द कर दिया गया। टीम के कोच और 2006 विश्व कप विजेता कप्तान फैबियो कैनावारो ने हार की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली। उन्होंने कहा, 'हम 5-0 से हारे क्योंकि मुझसे गलतियां हुईं, खिलाड़ियों से नहीं।'
ग्रुप K अंक तालिका
| टीम | मैच | जीत | ड्रॉ | हार | गोल किए | गोल खाए | गोल अंतर | अंक |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| कोलंबिया | 2 | 2 | 0 | 0 | 4 | 1 | +3 | 6 |
| पुर्तगाल | 2 | 1 | 1 | 0 | 6 | 1 | +5 | 4 |
| डीआर कांगो | 2 | 0 | 1 | 1 | 1 | 2 | -1 | 1 |
| उज्बेकिस्तान | 2 | 0 | 0 | 2 | 1 | 8 | -7 | 0 |
घाना ने इंग्लैंड की रफ्तार रोकी
दिन के दूसरे बड़े मुकाबले में घाना ने इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को 0-0 से रोककर बड़ा उलटफेर किया। बारिश से प्रभावित मुकाबले में इंग्लैंड ने 60 प्रतिशत से अधिक गेंद पर कब्जा रखा और गोल पर 19 प्रयास किए, जबकि घाना सिर्फ एक शॉट ही लगा सका। इसके बावजूद इंग्लैंड गोल नहीं कर पाया।
घाना की दीवार नहीं तोड़ पाया इंग्लैंड
इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ियों हैरी केन, जूड बेलिंघम और निको ओ'राइली को कई मौके मिले, लेकिन घाना का रक्षात्मक खेल शानदार रहा। 86वें मिनट में निको ओ'राइली का हेडर क्रॉसबार से टकरा गया। रिबाउंड पर हैरी केन भी गोल नहीं कर सके। इसी क्षण ने इंग्लैंड की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कार्लोस क्वेइरोज की रणनीति सफल
घाना के कोच कार्लोस क्वेइरोज शुरू से ही रक्षात्मक रणनीति लेकर उतरे थे। उन्होंने मैच के बाद कहा, 'हमारी योजना पहले मिनट से उन्हें रोकने और परेशान करने की थी। हमने वही किया।' उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी टीम को पेनल्टी मिलनी चाहिए थी। क्वेइरोज ने कहा, 'यह बिल्कुल साफ पेनल्टी थी। अगर रेड कार्ड मिलता तो भी गलत नहीं होता। हमें इसमें कोई संदेह नहीं है।'
बेलिंघम ने माना, घाना ने फंसा दिया
इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंघम ने माना कि घाना की रणनीति ने उनकी टीम को परेशान किया। उन्होंने कहा, 'उन्होंने जिस तरह रक्षा की और जिस तरह से अपनी टीम को व्यवस्थित किया, उससे हम निराश हुए। उन्हें मैच से वही मिला जिसके लिए वे उतरे थे।'
क्रोएशिया ने पनामा को हराकर बढ़ाईं उम्मीदें
ग्रुप एल के दूसरे मुकाबले में क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराया। क्रोएशिया के फैंस लंबे समय से आंते बुडिमिर को विश्व कप में पहली बार शुरुआती एकादश में मौका दिए जाने की मांग कर रहे थे। ला लीगा में पिछले तीन सत्रों के दौरान लगातार गोल बरसाने वाले बुडिमिर को जब शुरुआती टीम में जगह नहीं मिली तो समर्थक निराश हो गए। लेकिन दूसरे हाफ में उन्हें मैदान पर उतारे जाने के सिर्फ 10 मिनट बाद ही माहौल पूरी तरह बदल गया।
34 वर्षीय स्ट्राइकर ने शानदार गोल दागकर क्रोएशिया को बढ़त दिलाई। इस गोल की नींव साथी स्थानापन्न खिलाड़ी मारियो पासालिच की शानदार बैक-हील और जोसिप स्तानिसिच के बेहतरीन क्रॉस ने रखी। इस गोल के साथ ही क्रोएशिया ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दूसरी ओर, पनामा ने पूरे मैच में सराहनीय संघर्ष किया, लेकिन आखिरकार उसे हार का सामना करना पड़ा और उसकी विश्व कप यात्रा यहीं समाप्त हो गई।
क्रोएशिया के लिए यह जीत कई मायनों में खास रही। आइए जानते हैं...
- क्रोएशिया की टूर्नामेंट में पहली जीत।
- लुका मोड्रिच का 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच।
- राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार।
- पनामा टूर्नामेंट से बाहर होने वाली शुरुआती टीमों में शामिल।
48 टीमों वाले इस पहले विश्व कप में आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमें भी अगले दौर में पहुंचेंगी, इसलिए इंग्लैंड, घाना और क्रोएशिया तीनों की किस्मत अभी उनके हाथ में है।
ग्रुप L की अंक तालिका
| टीम | मैच | जीत | ड्रॉ | हार | गोल किए | गोल खाए | गोल अंतर | अंक |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| इंग्लैंड | 2 | 1 | 1 | 0 | 4 | 2 | +2 | 4 |
| घाना | 2 | 1 | 1 | 0 | 1 | 0 | +1 | 4 |
| क्रोएशिया | 2 | 1 | 0 | 1 | 3 | 4 | -1 | 3 |
| पनामा | 2 | 0 | 0 | 2 | 0 | 2 | -2 | 0 |
कोलंबिया राउंड ऑफ 32 में
उज्बेकिस्तान को हराकर अपने अभियान की शुरुआत करने वाली कोलंबिया ने डीआर कांगो पर कड़ी मेहनत से हासिल की गई जीत के साथ एक मैच शेष रहते ही फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस मुकाबले में डेनियल मुनोज जीत के नायक रहे, हालांकि डीआर कांगो के गोलकीपर लियोनल म्पासी भी अपने शानदार प्रदर्शन के लिए भरपूर प्रशंसा के हकदार हैं।
अब कोलंबिया का अगला मुकाबला ग्रुप चरण के सबसे बड़े मैचों में से एक माना जा रहा है, जिसमें उसका सामना पुर्तगाल से होगा। वहीं डीआर कांगो के पास अभी भी अगले दौर में पहुंचने का मौका बना हुआ है। डेनियल मुनोज ने फीफा विश्व कप 2026 में अपना दूसरा गोल दागा। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 2024 कोपा अमेरिका में भी पूरे टूर्नामेंट के दौरान दो ही गोल किए थे और अब विश्व कप में भी वह उसी आंकड़े की बराबरी कर चुके हैं। कांगो का एक अंक है। उन्हें हर हाल में अगले मैच में उज्बेकिस्तान को हराना होगा और मनाना होगा कि पुर्तगाल कोलंबिया से हार जाए। साथ ही अंक समान होने पर गोल अंतर का भी ध्यान रखना होगा। पुर्तगाल कोलंबिया मैच अगर ड्रॉ भी होता है तो कांगो उज्बेकिस्तान बाहर हो जाएंगे।
विश्व कप 2026 का यह दिन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। एक तरफ क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने उम्र को चुनौती देते हुए नया विश्व रिकॉर्ड बनाया और पुर्तगाल को खिताब की दौड़ में वापस ला खड़ा किया। दूसरी तरफ घाना ने अनुशासित खेल दिखाकर इंग्लैंड को रोक दिया, जबकि क्रोएशिया ने अपनी पारंपरिक मजबूती का प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण जीत हासिल की। अब समूह चरण के अंतिम मुकाबले तय करेंगे कि कौन सी टीमें सीधे अगले दौर में जाएंगी और किन्हें तीसरे स्थान के सहारे उम्मीदें बनाए रखनी होंगी।
फीफा विश्व कप 2026 में 14वें दिन ग्रुप बी और ग्रुप सी के मुकाबले खेले जाएंगे। ग्रुप बी में स्विट्जरलैंड और कनाडा आमने-सामने होंगे, जबकि बोस्निया और हर्जेगोविना की टीम कतर से भिड़ेगी। वहीं ग्रुप सी में मोरक्को का सामना हैती से होगा। दिन का सबसे बड़ा मुकाबला स्कॉटलैंड और ब्राजील के बीच खेला जाएगा, जिसमें ब्राजील जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगा। दूसरी ओर स्कॉटलैंड उलटफेर कर ग्रुप की तस्वीर बदलने की कोशिश करेगा। इन मुकाबलों के नतीजे दोनों समूहों में अगले दौर की दौड़ को और रोमांचक बना सकते हैं।
| ग्रुप | मुकाबला | समय (भारतीय समयानुसार) |
|---|---|---|
| ग्रुप B | स्विट्जरलैंड vs कनाडा | रात 12:30 बजे (25 जून) |
| ग्रुप B | बोस्निया और हर्जेगोविना vs कतर | रात 12:30 बजे (25 जून) |
| ग्रुप C | मोरक्को vs हैती | सुबह 3:30 बजे (25 जून) |
| ग्रुप C | स्कॉटलैंड vs ब्राजील | सुबह 3:30 बजे (25 जून) |