फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   PV Sindhu Praises Uniquely Indian Efforts to Keep Monkeys Away During BWF World Championships in Delhi

Badminton: बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से पहले बंदरों की चुनौती, पीवी सिंधू ने 'देसी जुगाड़' की तारीफ की

Tue, 11 Aug 2026 10:12 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Tue, 11 Aug 2026 10:12 AM IST
सार

पीवी सिंधू ने दिल्ली में बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के दौरान बंदरों को दूर रखने के लिए लंगूर की आवाज की नकल करने के इंतजाम को यूनिकली इंडियन बताते हुए तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाधान पर लोग हंस सकते हैं, लेकिन भारत की ओर से दुनिया के स्वागत के लिए की जा रही मेहनत, गर्मजोशी और आतिथ्य की सराहना होनी चाहिए।

विज्ञापन
PV Sindhu Praises Uniquely Indian Efforts to Keep Monkeys Away During BWF World Championships in Delhi
पीवी सिंधू - फोटो : PTI

विस्तार

भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू ने नई दिल्ली में होने वाली बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप की तैयारियों के बीच बंदरों को भगाने के लिए अपनाए जा रहे अनूठे भारतीय तरीके की सराहना की है। उन्होंने कहा कि समाधान पर लोग हंस सकते हैं, लेकिन दुनिया की मेजबानी के लिए पर्दे के पीछे हो रही मेहनत की सराहना की जानी चाहिए।
विज्ञापन

क्या बोलीं सिंधू?
  • दरअसल, एक पत्रकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की थी कि इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम से बंदरों को दूर रखने के लिए कुछ लोगों द्वारा लंगूर की आवाज की नकल की जाएगी। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधू ने भारतीय अंदाज में अपनाए जा रहे इस समाधान को लेकर अपनी बात रखी।
  • सिंधू ने लिखा, 'आप समाधान पर हंस सकते हैं, लेकिन प्रयास को पसंद करना होगा। बहुत से लोग पर्दे के पीछे काम कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भारत दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। हमारे समाधान भले ही अनोखे भारतीय हों, लेकिन हमारी गर्मजोशी, हमारी भावना और हमारा आतिथ्य भी उतना ही खास है। दिल्ली में पूरी बैडमिंटन दुनिया के अनुभव का इंतजार नहीं कर सकती। जल्द मिलते हैं।'
विज्ञापन
विज्ञापन

भारत ओपन में उठे थे स्टेडियम की व्यवस्थाओं पर सवाल
बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। इसी स्टेडियम में इस साल जनवरी में इंडिया ओपन का आयोजन हुआ था, जहां विदेशी खिलाड़ियों ने सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए थे।

टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम में पक्षियों की बीट और बंदरों के दिखाई देने की घटनाएं भी सामने आई थीं। इसके अलावा डेनमार्क के खिलाड़ी और तब दुनिया के दूसरे नंबर के शटलर एंडर्स एंटोनसेन ने अत्यधिक प्रदूषण का हवाला देते हुए लगातार तीसरे साल टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था। डेनमार्क की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट ने भी कोर्ट की परिस्थितियों को अस्वीकार्य और बेहद गैर-पेशेवर बताया था।
विज्ञापन

बीएआई ने कहा- इस बार नहीं होंगी पुरानी समस्याएं
विश्व चैंपियनशिप से पहले स्टेडियम के दौरे के दौरान बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के महासचिव संजय मिश्रा ने भरोसा जताया कि इंडिया ओपन के दौरान सामने आई समस्याएं इस बार देखने को नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्टि है और इंडिया ओपन के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए काम किया गया है। उनके मुताबिक, बीडब्ल्यूएफ भी अब आश्वस्त है कि विश्व चैंपियनशिप के दौरान ऐसी समस्याएं दोबारा नहीं होंगी।मिश्रा ने कहा कि भारत में 17 साल बाद बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप का आयोजन होना देश के लिए गर्व की बात है और केवल बैडमिंटन प्रशंसक ही नहीं, बल्कि दूसरे खेलों के प्रशंसक भी इस प्रतियोगिता का इंतजार कर रहे हैं।

पहले दौर में आयुष शेट्टी का सामना शीर्ष वरीय शी यूकी से
टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग में भारत के एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष शेट्टी का पहले दौर में मौजूदा चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के शी यूकी से मुकाबला होगा। पुरुष युगल में पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाई मिली है। उनका सामना दूसरे दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन-एडम प्रिंगल और थाईलैंड के चालोएमपोन चारोनकिटामोर्न-वोरापोल थोंगसा-नगा के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

सिंधू की नजरें एक और विश्व खिताब पर
भारत की सबसे बड़ी उम्मीदों में पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पीवी सिंधू भी शामिल हैं। सिंधू ने पिछले महीने जापान ओपन का खिताब जीतकर विश्व चैंपियनशिप से पहले शानदार फॉर्म हासिल की है। ड्रॉ के अनुसार सिंधू को शुरुआती दौर में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की अन से यंग और मौजूदा चैंपियन जापान की अकाने यामागुची का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि सिंधू और अन से यंग एक ही हाफ में हैं। सिंधू के प्री-क्वार्टरफाइनल में चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी से भिड़ने की संभावना है, जबकि क्वार्टरफाइनल में छठी वरीय इंडोनेशिया की पुत्री वारदानी से मुकाबला हो सकता है।

भारतीय जोड़ियों पर भी रहेंगी नजरें
पुरुष युगल में सात्विक-चिराग के अलावा एमआर अर्जुन और हरिहरन भी भारतीय चुनौती पेश करेंगे। दोनों का पहले दौर में आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स से मुकाबला होगा। मिश्रित युगल में 15वीं वरीय ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को पहले दौर में बाई मिली है। दूसरे दौर में उनके सामने छठी वरीय चीन की गुओ शिन वा और चेन फांग हुई की चुनौती आ सकती है।

महिला युगल में दो बार ऑल इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुकीं गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली का सामना पहले दौर में स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज से होगा। वहीं, पदार्पण कर रहीं सिमरन सिंघी और कविप्रिया सेल्वम स्पेन की निकोल करुल्ला और कारमेन जिमेनेज के खिलाफ अभियान शुरू करेंगी। भारत का लक्ष्य घरेलू मैदान पर इस विश्व चैंपियनशिप में कई पदक जीतना है। ऐसे में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ-साथ टूर्नामेंट की मेजबानी और व्यवस्थाओं पर भी पूरी दुनिया की नजर रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed