Wimbledon: कमबैक मैच में ही उलटफेर का शिकार हुईं 44 साल की सेरेना विलियम्स; 20 वर्षीय किस खिलाड़ी ने चौंकाया?
23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स का विंबलडन 2026 में सिंगल्स कमबैक पहले ही दौर में समाप्त हो गया। 20 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी माया जॉइंट ने सेंटर कोर्ट पर तीन सेट तक चले मुकाबले में सेरेना को 6-3, 6-7(6), 6-3 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स का विंबलडन 2026 में सिंगल्स कमबैक पहले ही दौर में समाप्त हो गया। ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर खेले गए मुकाबले में 20 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी माया जॉइंट ने तीन सेटों तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-3, 6-7(6), 6-3 से जीत दर्ज कर अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल की। माया जॉइंट की यह विंबलडन में पहली जीत भी रही। खास बात यह है कि वह जनवरी से लगातार 11 टूर-लेवल मुकाबले हारकर इस टूर्नामेंट में उतरी थीं। अब दूसरे दौर में उनका सामना एलेक्जेंड्रा ईला से होगा।
दूसरे सेट में की वापसी, लेकिन जीत नहीं सकीं सेरेना
मुकाबले में माया ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया। दूसरे सेट के टाई-ब्रेक में सेरेना ने पहला मैच प्वाइंट बचाया और शानदार वापसी करते हुए सेट जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक सेट में उन्होंने शुरुआती बढ़त भी बनाई, लेकिन युवा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए सेरेना की सर्विस पांच बार तोड़ी और मैच अपने नाम कर लिया। माया ने मुकाबले में 10 ऐस भी लगाए।
1,397 दिन बाद खेला था सिंगल्स मैच
44 वर्षीय सेरेना ने अपना पिछला सिंगल्स मुकाबला 2022 यूएस ओपन में खेला था। इसके बाद 1,397 दिनों के अंतराल के बाद उन्होंने विंबलडन में सिंगल्स कोर्ट पर वापसी की। ओपन एरा में वह विंबलडन महिला एकल खेलने वाली दूसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं। उनसे पहले 2004 में 47 वर्षीय मार्टिना नवरातिलोवा ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
मैच के बाद क्या बोलीं सेरेना और माया?
- जीत के बाद माया जॉइंट ने कहा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ। शुरुआत में मैं बेहद नर्वस थी। सेरेना एक महान खिलाड़ी हैं और उनके खिलाफ सेंटर कोर्ट पर खेलना बचपन का सपना था। मैच खत्म करना सबसे मुश्किल हिस्सा था, क्योंकि उन्होंने दूसरे सेट के बाद अपने खेल का स्तर काफी ऊंचा कर दिया था।'
- वहीं, सेरेना ने मीडिया को जारी बयान में कहा, 'विंबलडन लौटना मेरे लिए बेहद खास रहा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं फिर यहां खेलूंगी। यहां का माहौल शानदार था और मैंने हर पल का पूरा आनंद लिया।' हालांकि सिंगल्स से बाहर होने के बावजूद सेरेना का विंबलडन अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। वह अपनी बहन वीनस विलियम्स के साथ महिला युगल स्पर्धा में हिस्सा लेंगी।