अब घर के काम करेगा ये एआई रोबोट: फिगर एआई ने पेश किया 'हेलिक्स 02', बिना बताए करेगा साफ-सफाई
Figure AI Helix 02 Robot: अमेरिकी स्टार्टअप फिगर एआई का नया ह्यूमनॉइड रोबोट 'हेलिक्स 02' अब आपके घर के सारे काम संभालने के लिए तैयार है। एडवांस एआई और सेंसर्स से लैस यह रोबोट बिना किसी इंसानी मदद के कपड़े समेटने, बर्तन धोने और सफाई जैसे काम खुद कर सकता है। 1000 घंटों से ज्यादा की ट्रेनिंग के साथ तैयार हुए इस रोबोट ने दुनिया भर में रोबोटिक्स की रेस को और ज्यादा रोमांचक बना दिया है।
विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स की दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। अब वो दिन भी दूर नहीं जब रोबोट हमारे घरों में इंसानों की तरह काम करते नजर आएंगे। अमेरिका की रोबोटिक्स स्टार्टअप फिगर एआई ने अपना नया और बेहद एडवांस ह्यूमनॉइड रोबोट हेलिक्स 02 पेश किया है। ये रोबोट कोई साधारण मशीन नहीं है। ये आपके घर के रोजमर्रा के काम जैसे कपड़े समेटना, बर्तन धोना और कमरे की सफाई पूरी तरह से अपने आप कर सकता है।
बिना किसी इंसान की मदद के करता है काम
हेलिक्स 02 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे काम करने के लिए किसी इंसान के निर्देशों की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती। ये घर की स्थिति को देखकर खुद ही समझ जाता है कि उसे क्या काम करना है। इसके पीछे इसका स्मार्ट दिमाग है। इसे 'यूनिफाइड न्यूरल नेटवर्क सिस्टम' कहा जाता है। ये एक तरह का कृत्रिम दिमाग है जो रोबोट के पूरे शरीर को एक साथ कंट्रोल करता है। कंपनी द्वारा जारी किए गए एक डेमो वीडियो में इसकी इस काबिलियत को साफ तौर पर देखा जा सकता है। जहां ये रोबोट बिना किसी इंसान की मदद के लिविंग रूम में घूमता है, टेबल से चीजें उठाकर उनकी सही जगह पर रखता है और पूरे कमरे को अपने आप व्यवस्थित कर देता है।
एलन मस्क ने भी पूछा सवाल
हेलिक्स 02 का वीडियो सामने आते ही टेक जगत में हलचल मच गई। यहां तक कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सवाल पूछ लिया कि, "क्या ये रोबोट सच में खुद काम कर रहा है या इसे रिमोट से चलाया जा रहा है?" इस पर फिगर एआई के सीईओ ब्रेट एडकॉक ने साफ किया कि यह रोबोट 100% ऑटोनॉमस (स्वचालित) है और इसे किसी भी तरह के रिमोट कंट्रोल की जरूरत नहीं है।
Autonomously or remotely operated?
— Elon Musk (@elonmusk) March 9, 2026
कैसे काम करता है हेलिक्स 02?
पारंपरिक रोबोट्स में चलने और सामान उठाने के लिए अलग-अलग सिस्टम होते हैं। लेकिन हेलिक्स 02 एक ही सिस्टम से ये सारे काम करता है। यह एक साथ कई काम कर सकता है जैसे आसानी से चलना, अपना संतुलन बनाए रखना और चलते-चलते चीजों को पकड़कर रखना। इसे इस तरह से काम करने में इसके खास विज़न कैमरे और सेंसर बहुत मदद करते हैं। यहां तक कि इस रोबोट की हथेलियों में कैमरे और उंगलियों में भी सेंसर लगे हैं। इन्हीं सेंसर्स की मदद से यह आसानी से समझ पाता है कि कौन सी चीज कितनी नाजुक है और उसे सुरक्षित रखने के लिए कितनी ताकत से पकड़ना है।
Today we're showing Helix 02 that can tidy a living room fully autonomously
— Figure (@Figure_robot) March 9, 2026
Figure is designed so when you leave the house, your home resets exactly how you like it pic.twitter.com/wvAVoheVoC
किन कामों में है माहिर?
हेलिक्स 02 आपके घर के कई उबाऊ काम आसानी से निपटा सकता है। जैसे डिशवॉशर में गंदे बर्तन रखना, बिखरे हुए कपड़ों को तह करके व्यवस्थित करना और कमरे की सफाई करते हुए बिखरे सामान को उसकी सही जगह पर रखना। कंपनी का दावा है कि जब आप घर से बाहर जाएंगे तो यह रोबोट आपके पीछे से पूरे घर को बिल्कुल वैसा ही सेट कर देगा जैसा आप चाहते हैं।
इंसानों को देखकर सीखा काम
फिगर एआई ने बताया कि हेलिक्स 02 को तैयार करने के लिए इसे 1,000 घंटे से ज्यादा के इंसानी काम के डेटा पर ट्रेनिंग दी गई है। इसी वजह से यह बिल्कुल इंसानों की तरह स्वाभाविक तरीके से काम करता है और अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को ढाल सकता है।
ह्यूमनॉइड रोबोट्स की रेस हुई तेज
आजकल कई बड़ी कंपनियां ऐसे इंसानी रोबोट बनाने में जुटी हैं। टेस्ला भी अपने 'ऑप्टिमस' प्रोजेक्ट के जरिए ऐसा ही रोबोट बना रही है। एलन मस्क का मानना है कि आने वाले समय में एआई और मशीन लर्निंग से चलने वाले ये रोबोट इंसानी जिंदगी को पूरी तरह बदल कर रख देंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadget news and mobile reviews, apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news in hindi from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X