xAI: एलन मस्क एक्सएआई के लिए तलाश रहे हैं अवॉर्ड-विनिंग लेखक; जानें क्या है वजह और पात्रता?
Grok AI Training: एलन मस्क की कंपनी एक्सएआई (xAI) अपने विवादित एआई चैटबॉट ग्रोक को बेहतर बनाने के लिए पुरस्कार विजेता लेखकों और अनुभवी पटकथा लेखकों की भर्ती कर रही है। कंपनी मेडिकल, लीगल और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एआई ट्रेनिंग के लिए काम पर रखना चाहती है, जिसके बदले $40 से $125 प्रति घंटे तक का भुगतान किया जाएगा।
विस्तार
अगर आप एक पुरस्कार विजेता लेखक हैं या बड़े फिल्म स्टूडियो के साथ काम कर चुके पटकथा लेखक हैं तो आपके लिए एलन मस्क की कंपनी एक्सएआई (xAI) में काम करने का सुनहरा मौका है। मस्क अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) 'ग्रोक' को और भी समझदार बनाने के लिए अनुभवी लेखकों को काम पर रख रहे हैं। हाल ही में निकली इस जॉब लिस्टिंग के अनुसार, वे मेडिकल, लीगल और पत्रकारिता जैसे कई क्षेत्रों के विशेषज्ञों की तलाश कर रहे हैं ताकि एआई को बेहतर ट्रेनिंग दी जा सके। खास बात यह है कि इस काम के लिए वे $40 से $125 (यानी करीब ₹3,300 से ₹10,400) प्रति घंटे तक का शानदार वेतन देने को तैयार हैं।
ग्रोक का रहा है विवादों का पुराना नाता
एक्सएआई का लक्ष्य है कि बेहतरीन लेखकों की मदद से 'ग्रोक' को अलग-अलग स्टाइल में लिखना सिखाया जाए, ताकि वह पहले से ज्यादा स्मार्ट बन सके। हालांकि, यह वही चैटबॉट है जो पिछले एक साल में अपने विवादों के कारण काफी बदनाम रहा है।
ग्रोक पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जैसे कि इसने नस्लवाद को बढ़ावा देने वाली बातें कीं और यहां तक कि हिटलर की तारीफ करते हुए नरसंहार का समर्थन तक कर दिया था। इसके अलावा, ग्रोक के जरिए 'डीपफेक' (फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो) बनाने के मामले भी सामने आए, जिसकी वजह से इंडोनेशिया और फिलीपींस जैसे देशों ने इस पर पूरी तरह बैन लगा दिया है।
क्या हैं नौकरी की शर्तें?
दिलचस्प बात यह है कि एक्सएआई ने इस काम के लिए योग्यता के मानक बहुत ऊंचे रखे हैं। उदाहरण के लिए, एक फिक्शन राइटर के लिए यह अनिवार्य है कि या तो उनके पास किसी बड़े पब्लिशिंग हाउस के साथ डील हो या उनके उपन्यास की 50,000 से अधिक प्रतियां बिक चुकी हों। इसके अलावा, अगर किसी लेखक की 'द न्यू यॉर्कर' जैसे प्रतिष्ठित प्रकाशनों में 10 से अधिक लघु कथाएं छपी हैं या वे ह्यूगो और नेबुला जैसे बड़े पुरस्कारों के फाइनलिस्ट रहे हैं, तभी वे इस पद के लिए पात्र माने जाएंगे।
यही हाल पटकथा लेखकों का भी है, जिनसे नेटफ्लिक्स, डिज्नी या वार्नर ब्रदर्स जैसे बड़े स्टूडियो के साथ कम से कम दो फीचर फिल्मों का क्रेडिट मांगा गया है। इसके बिना, उनके पास कम से कम ऑस्कर या एमी जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों का नामांकन होना जरूरी है।
एआई उन्हीं की जगह ले लेगा जो उसे सिखाएगा
देखा जाए तो एक स्तर पर यह तर्कसंगत लगता है कि एक्सएआई बेहतरीन अनुभव वाले विशेषज्ञों को खोज रहा है, लेकिन गहराई से सोचने पर यह कदम लेखकों के लिए थोड़ा अपमानजनक भी लगता है। असल में दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली लेखकों से उम्मीद की जा रही है कि वे उस तकनीक को प्रशिक्षित करें, जिसे भविष्य में संभवतः उन्हीं की जगह लेने के लिए तैयार किया जा रहा है। ऊपर से उनके हुनर और कद के मुकाबले उन्हें शुरुआती $40 प्रति घंटा जैसा काफी कम वेतन ऑफर किया जा रहा है। एलन मस्क की यह नई भर्ती प्रक्रिया इस पुरानी बहस को एक बार फिर से तेज करने वाली है।
