X Account Limits: एक्स पर अब नहीं कर सकेंगे अनलिमिटेड पोस्ट और मैसेज! जानें आपके अकाउंट की नई 'डेली लिमिट्स'
X Account Limits: एक्स ने अपने प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की गतिविधियों के लिए कई सख्त लिमिट्स लागू कर दी हैं। कंपनी का कहना है कि यह कदम सर्वर को क्रैश से बचाने और प्लेटफॉर्म को स्मूथ चलाने के लिए उठाया गया है। इसके तहत यूजर्स के लिए पोस्ट, मैसेज और फॉलो करने की कुछ सीमाएं तय कर दी हैं। इस लेख में जानेंगे प्लेटफॉर्म की रोजाना की लिमिट क्या होगी और अगर लिमिट खत्म हो गई तो क्या होगा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक्स ने अपने यूजर्स के लिए कुछ सख्त नियम और एक्शन लिमिट्स तय कर दी हैं। अब आप दिन भर में कितने पोस्ट कर सकते हैं, कितने डायरेक्ट मैसेज (डीएम) भेज सकते हैं और कितने लोगों को फॉलो कर सकते हैं, कंपनी ने इसकी एक सीमा तय कर दी है।
कंपनी का कहना है कि ये लिमिट्स इसलिए लगाई गई हैं ताकि दुनिया भर के करोड़ों यूजर्स के लिए यह एप बिना किसी दिक्कत या क्रैश (सर्वर डाउन) के स्मूथ चलता रहे। ये लिमिट्स क्या हैं और कैसे काम करती हैं, आइए जानते हैं।
सभी तरह के प्लेटफॉर्म पर समान नियम
सबसे पहली बात जो आपको जाननी चाहिए, वो यह है कि ये लिमिट्स आपके पूरे अकाउंट पर लागू होती हैं। चाहे आप मोबाइल एप (एंड्रॉयड/आईओएस) चला रहे हों, वेब ब्राउजर का इस्तेमाल कर रहे हों या कोई थर्ड-पार्टी टूल, आपकी सभी गतिविधियों को एक साथ गिना जाएगा।
एक्स पर दैनिक लिमिट्स
अगर एक्स पर रोजाना की लिमिट्स की बात करें तो यहां हर एक्टिविटी के लिए एक दायरा तय किया गया है। मिसाल के तौर पर, स्पैम को रोकने के लिए आप एक दिन में अधिकतम 400 नए अकाउंट्स को ही फॉलो कर सकते हैं। इसके अलावा, जब आपका अकाउंट 5 हजार लोगों को फॉलो कर लेता है तो उसके आगे और लोगों को फॉलो करने की क्षमता इस बात पर निर्भर करती है कि आपके खुद के कितने फॉलोअर्स और कैसा एंगेजमेंट है।
इसी तरह पोस्ट और रिप्लाई करने की भी अपनी एक सीमा है। अगर आपका अकाउंट वेरिफाइड नहीं है (यानी आपके पास ब्लू टिक नहीं है) तो आप एक दिन में लगभग 50 नई पोस्ट और 200 रिप्लाई कर सकते हैं। वैसे तो पूरे प्लेटफॉर्म के लिए एक दिन की अधिकतम सीमा 2,400 पोस्ट की है। लेकिन एक्स इस कोटे को हर आधे घंटे के हिसाब से छोटे-छोटे हिस्सों में बांट देता है। ताकि कोई भी यूजर एक साथ लगातार बहुत सारे पोस्ट न कर सके।
इन सब के अलावा, जो यूजर्स अपने एक्स अकाउंट को किसी शेड्यूलिंग एप या एनालिटिक्स टूल से जोड़कर रखते हैं। उनके लिए प्रति घंटे के हिसाब से एक API लिमिट तय होती है। ऐसे में अगर आप एक साथ बहुत सारे थर्ड-पार्टी टूल्स का इस्तेमाल करते हैं तो आपकी यह लिमिट तय समय से पहले ही खत्म हो सकती है।
लिमिट खत्म हुई तो क्या होगा?
अगर आप दिन भर की पोस्ट, मैसेज या फॉलो करने की लिमिट पार कर लेते हैं तो आपको बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसा होने पर एक्स आपकी स्क्रीन पर तुरंत एक एरर मैसेज दिखाएगा। इससे आपको पता चल जाएगा कि आपने कौन सी लिमिट पार की है।
यह कोई अकाउंट बैन या परमानेंट सजा नहीं है, बल्कि एक टाइम-बेस्ड सिस्टम है। इसका मतलब है कि आपको बस उस लिमिट के टाइमर के रीसेट होने का इंतजार करना होगा। इसमें कुछ घंटे या अगला दिन लग सकता है। जैसे ही यह समय पूरा होगा, आपका अकाउंट वापस नॉर्मल हो जाएगा और आप फिर से पोस्ट या मैसेज कर पाएंगे।
हालांकि, आपको यह भी ध्यान रखना चाहिए कि कभी-कभी जब प्लेटफॉर्म पर अचानक बहुत ज्यादा ट्रैफिक आता है। तो एक्स अपने सर्वर को क्रैश होने से बचाने के लिए इन लिमिट्स को कुछ समय के लिए और भी कम कर देता है।