Indore: इंदौरवासियों ने लिया मराठी व्यंजनों का स्वाद, जत्रा में बिखरे लावणी के रंग
जत्रा में आए लोगों ने मराठी व्यंजनों का लुत्फ लिया। झुनका भाकर, बटाटा भात, ठेसा रोटी सहित अन्य स्टालों पर भीड़ देखी गई। इन स्टालों को महिलाएं परिवार के साथ संचालन करती है और अपने हाथों से बने मराठी व्यजंनों को तैयार करती है।

विस्तार
दीपावली त्यौहार के पहले इंदौर में लगे मराठी फूड फेस्टिवल जत्रा को शहरवासियों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इंदौर में पिछले 24 साल से यह आयोजन हो रहा है। सिल्वर जुबली साल होने के कारण इस बार चार दिन जत्रा लगाया गया। शनिवार को जत्रा का दूसरा दिन था। सोमवार को इस मेले के अंतिम दिन होगा।

जत्रा में आए लोगों ने मराठी व्यंजनों का लुत्फ लिया। झुनका भाकर, बटाटा भात, ठेसा रोटी सहित अन्य स्टालों पर भीड़ देखी गई। इन स्टालों को महिलाएं परिवार के साथ संचालन करती है और अपने हाथों से बने मराठी व्यजंनों को तैयार करती है। जत्रा के पहले दिन करवा चौथ पर कई परिवारों ने खरीददारी की। शनिवार को गुलाबी ठंड के बीच परिवार घर से चटाई व दरियां लेकर आए और मराठी व्यंजनों का आनंद लिया।
आयोजक संस्था के सुधीर दांडेकर व राजेश शाह ने बताया कि जत्रा में इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा भीड़ उमड़ रही है। लोग खरीदारी भी ज्यादा कर रहे है। जीएसटी की स्लैब कम होने का फायदा मेले में कई कंपनियां डिस्काउंट देकर शहरवासियों को दे रही है। मराठी व्यंजनों के साथ जत्रा में चारों दिन महाराष्ट्र के प्रख्यात लावणी कलाकारों द्वारा लावणी की प्रस्तुति दी रही है। इन प्रस्तुतियों को भी लोग देर तक देख रहे है।