AI vs Jobs: एआई के बहाने कर्मचारियों को नौकरियों से नहीं निकाल सकती कंपनियां, चीन की कोर्ट का एतिहासिक फैसला
AI vs Jobs: क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आपकी नौकरी छीन सकता है? टेक जगत में फैले इस डर के बीच, चीन की एक अदालत ने कर्मचारियों को राहत देने वाला एक एतिहासिक फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी कंपनी सिर्फ 'एआई के आ जाने' का बहाना बनाकर अपने कर्मचारियों की छंटनी नहीं कर सकती और न ही मनमाने तरीके से उनकी सैलरी घटा सकती है। क्या है पूरा मामला और कैसे एक कर्मचारी ने अपने हक की कानूनी लड़ाई जीती, सब जानिए इस लेख में....
विस्तार
ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस दौर में दुनियाभर के कर्मचारियों को अपनी नौकरी जाने का डर सता रहा है। लेकिन, चीन की एक अदालत ने इंसानों और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करते हुए एक बेहद अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि कोई भी कंपनी सिर्फ 'एआई आ गया है' का बहाना बनाकर अपने कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाल सकती। 1 मई यानी मजदूर दिवस से ठीक पहले चीन के झेजियांग प्रांत के हांगझोउ शहर की अदालत ने यह फैसला सुनाया है। हांगझोउ को चीन का एआई हब माना जाता है, इसलिए यह फैसला पूरी टेक इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा संदेश है।
क्या था पूरा मामला?
यह कानूनी विवाद एक एआई टेक कंपनी और उसके सीनियर कर्मचारी झोउ के बीच तब शुरू हुआ, जब तकनीक ने इंसान की जगह लेना शुरू कर दिया। झोउ ने नवंबर 2022 में इस कंपनी में बतौर क्वालिटी एश्योरेंस सुपरवाइजर जॉइन किया था, जहां उन्हें करीब 2.9 लाख रुपये मासिक वेतन मिलता था। उनका मुख्य काम एआई मॉडल्स के आउटपुट की जांच करना और यह सुनिश्चित करना था कि एआई कोई गलत या प्राइवेसी का उल्लंघन करने वाला कंटेंट जेनरेट न करे।
हालांकि, जैसे-जैसे एआई तकनीक और बेहतर हुई, कंपनी के मॉडल्स झोउ का काम खुद ही करने में सक्षम हो गए। इसके बाद कंपनी ने झोउ को एक निचले पद पर भेजने की कोशिश की, जहां उनका वेतन घटाकर केवल 1.7 लाख रुपये कर दिया गया। जब झोउ ने इस कटौती को स्वीकार करने से इनकार कर दिया तो कंपनी ने 'संगठनात्मक पुनर्गठन' का हवाला देते हुए उन्हें नौकरी से निकाल दिया और मुआवजे के तौर पर एक तय राशि थमा दी। झोउ ने इस फैसले और मुआवजे की रकम को चुनौती देते हुए पहले मध्यस्थता का सहारा लिया और फिर अदालत का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट ने क्या कहा?
जब यह मामला अदालत पहुंचा तो कंपनी ने चीन के 'लेबर कॉन्ट्रैक्ट लॉ' का सहारा लेते हुए अपनी सफाई पेश की। कंपनी की दलील थी कि एआई का आना उनके कामकाज की परिस्थितियों में एक 'बड़ा बदलाव' है और ऐसे हालात में कर्मचारी की छंटनी करना पूरी तरह वैध है।
हालांकि, अदालत कंपनी के इस तर्क से बिल्कुल सहमत नहीं दिखी और उसकी दलील को सिरे से खारिज कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि एआई के जरिए किसी काम को अपने हाथ में ले लेना कोई ऐसा असाधारण या 'बड़ा बदलाव' नहीं माना जा सकता। जिसके आधार पर किसी का रोजगार खत्म कर दिया जाए।
इसके अलावा, अदालत ने पाया कि कंपनी यह साबित करने में पूरी तरह नाकाम रही कि झोउ से पुराना काम करवाना अब तकनीकी रूप से बिल्कुल असंभव हो चुका था। साथ ही, कोर्ट ने झोउ को दिए गए दूसरे जॉब ऑफर को भी 'गैर-वाजिब' करार दिया, क्योंकि उसमें सैलरी में भारी कटौती की गई थी। इन सभी पहलुओं को देखते हुए, अदालत ने झोउ को नौकरी से निकालने की प्रक्रिया को पूरी तरह गैरकानूनी घोषित कर दिया और कंपनी को आदेश दिया कि वह कर्मचारी को उचित और ज्यादा हर्जाना दे।
टेक इंडस्ट्री के लिए इसके क्या मायने हैं?
कानूनी जानकारों और टेक विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला उन कंपनियों के लिए एक कड़ा सबक है, जो एआई को ढाल बनाकर धड़ल्ले से छंटनी कर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर कंपनियां एआई तकनीक अपनाकर अपना मुनाफा और काम की रफ्तार बढ़ा रही हैं तो उन्हें इसके साथ आने वाली सामाजिक जिम्मेदारी भी उठानी होगी। आसान शब्दों में कहें तो तकनीकी तरक्की का सारा बोझ और जोखिम सिर्फ कर्मचारियों के कंधों पर नहीं डाला जा सकता।
कर्मचारियों के साथ न्याय करें कंपनियां
चीन की एआई इंडस्ट्री बहुत तेजी से बढ़ रही है। 2025 में यह 1.2 ट्रिलियन युआन को पार कर गई है और 2030 तक वहां एआई का इस्तेमाल 90% से ज्यादा होने की उम्मीद है। ऐसे में कंपनियों के जरिए अपने पुराने कर्मचारियों का 'एआई डिजिटल अवतार' बनाकर काम लेने जैसे मामले भी सामने आ रहे हैं।
अर्थशास्त्रियों का कहना है कि तकनीकी विकास को रोका नहीं जा सकता और एआई के आने से नौकरियों पर असर पड़ना भी तय है। लेकिन कंपनियों को चाहिए कि वे इस बदलाव के दौर में कर्मचारियों के साथ न्याय करें। उन्हें नई स्किल्स सिखाएं, सही पदों पर भेजें और अगर छंटनी जरूरी ही हो तो उसका वाजिब मुआवजा दें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
