Bill Gates: एआई समिट की वेबसाइट से गायब हुआ बिल गेट्स का नाम, गेट्स फाउंडेशन ने जारी किया स्पष्टीकरण
Bill Gates In AI Impact Summit 2026: एआई इम्पैक्ट समिट की वेबसाइट से आज अचानक बिल गेट्स का नाम हटा दिया गया है। उनका नाम हटने के पीछे कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, गेट्स फाउंडेशन ने इन अटकलों पर स्पष्टीकरण जारी कर दिया है।
विस्तार
एप्सटीन फाइल्स के बाद बढ़ी अटकलें
30 जनवरी को जारी दस्तावेजों के नए चरण में तथाकथित “एप्सटीन फाइल्स” में बिल गेट्स का नाम सामने आने के बाद यह बदलाव देखा गया। अटकलें लगाई जाने लगीं कि इसी घटनाक्रम के बाद वेबसाइट से उनका नाम हटाया गया है। हालांकि, इस संबंध में भारत सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एप्सटीन विवाद के बाद गेट्स के निमंत्रण की 'समीक्षा' की गई।
इन अटकलों के बीच बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि बिल गेट्स समिट में शामिल होंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपना मुख्य भाषण भी देंगे। फाउंडेशन ने कहा कि उनकी भागीदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
Bill Gates is attending the AI Impact Summit. He will be delivering his keynote as scheduled.
— Gates Foundation India (@BMGFIndia) February 17, 2026
India is a global leader in artificial intelligence, powered by one of the world’s largest AI talent pools, rapid adoption across sectors, and innovation at population scale. Under the… pic.twitter.com/e3v8wXHBXA
एआई समिट की अतिथि सूची में कई वैश्विक टेक दिग्गजों के नाम शामिल हैं। इनमें सैम ऑल्टमैन, सुंदर पिचाई, एलेक्जेंडर वांग, डारियो आमोदेई और क्रिस्टियानो आमोन जैसे कई प्रमुख चेहरे भी शामिल हैं। वहीं, भारत से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, इंफोसिस के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक सलील पारेख जैसे टेक लीडर्स भी इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में गेट्स के नाम को लेकर उठे सवालों ने समिट से पहले ही नई बहस छेड़ दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वेबसाइट से नाम हटाने का फैसला किस स्तर पर और किन कारणों से लिया गया। जब तक भारत सरकार या समिट आयोजकों की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आता, तब तक यह मामला चर्चा का विषय बना रहेगा।
एआई इंपैक्ट समिट (2026) के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जा रहा है। इस वैश्विक कार्यक्रम का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक किया जा रहा है। समिट का मुख्य लक्ष्य कृषि, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई के प्रभाव को बढ़ाना और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है। इसमें दुनिया भर के नीति निर्माता, उद्योग जगत के नेता, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। भारत एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन कर ग्लोबल साउथ का नेतृत्व कर रहा है।
बता दें कि भारत से पहले यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण कोरिया और फ्रांस जैसे देश एआई समिट का आयोजन कर चुके हैं। एआई इम्पैक्ट समिट के जरिए भारत ग्लोबल साउथ का नेतृत्व कर रहा है।