अब चोरों की खैर नहीं: ब्रिटेन में बढ़ती चोरी रोकने के लिए जुगाड़, एक 'Kill Switch' बटन से फोन हो जाएंगे बेकार!
Kill Switch In Smartphone To Prevent Theft: स्मार्टफोन चोरी होने का डर अब जल्द ही खत्म हो सकता है। ब्रिटेन की टेलीकॉम कंपनियों ने किल स्विच नाम की एक नई तकनीक पेश की है। ये चोरी हुए फोन को दूर से ही पूरी तरह निष्क्रिय कर देगी। ऐसे में फोन बस एक कबाड़ या प्लास्टिक का टुकड़ा बन कर रह जाएगा, ताकि चोर उसका कोई इस्तेमाल न कर सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्मार्टफोन का चोरी हो जाना या गुम होना हमेशा से एक बड़ा झटका होता है। लेकिन उससे भी ज्यादा दुख तब होता है, जब कोई चोर आपके महंगे फोन का मजे से इस्तेमाल कर रहा हो। सोचिए, कितना अच्छा होता अगर आपके पास एक ऐसा जादुई बटन होता, जिसे दबाते ही आपका चोरी हुआ फोन चोर के किसी काम का न रहता?
अब यह सिर्फ कल्पना नहीं रही! एक नई तकनीक आ गई है जिसे Kill Switch (किल स्विच) कहा जा रहा है। यह तकनीक फोन को एक झटके में महज पेपर वेट या प्लास्टिक का टुकड़ा बना देती है। आइए समझते हैं कि यह तकनीक क्या है और कैसे काम करती है।
क्या है Kill Switch तकनीक?
ब्रिटेन की दो बड़ी मोबाइल नेटवर्क कंपनियों Virgin Media O2 और VodafoneThree ने अपने स्मार्टफोन्स को चोरी से बचाने के लिए इस तकनीक की शुरुआत की है।
कैसे काम करता है: इस तकनीक के तहत फोन की पहचान होते ही नेटवर्क के जरिए दूर से एक कमांड भेजा जाता है। यह कमांड फोन को पूरी तरह से डेड कर देता है, जिसके बाद वह किसी काम का नहीं रहता।
शर्त क्या है: अभी यह बहुत ही शुरुआती दौर में है। फिलहाल यह तकनीक सिर्फ बिल्कुल नए स्मार्टफोन्स पर लागू होती है। यानी वे फोन जो अभी दुकानों में रखे हैं और ग्राहकों को बेचे नहीं गए हैं। जैसे ही कोई चोर दुकान से नया फोन चुराकर उसे चालू करता है, यह किल स्विच एक्टिवेट हो जाता है और फोन को कबाड़ बना देता है।
इसकी जरूरत क्यों पड़ी?
इस धांसू तकनीक को लाने के पीछे कई बड़े कारण हैं:
- चोरी के बढ़ते मामले: ब्रिटेन में पिछले कुछ महीनों में मोबाइल शोरूम में डकैती और चोरी की घटनाएं बहुत तेजी से बढ़ी हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल सिर्फ लंदन में ही 70 हजार से ज्यादा मोबाइल चोरी हुए थे।
- कंपनियों का इनकार: इतना नुकसान होने के बावजूद, एपल और सैमसंग जैसी बड़ी स्मार्टफोन कंपनियों ने अपने फोन्स में यूनिवर्सल एंटी-थेफ्ट लॉक देने से मना कर दिया।
- मजबूरी में उठाया कदम: आम तौर पर फोन में दूर से डेटा डिलीट करने का विकल्प होता है, लेकिन चोर उसका भी तोड़ निकाल लेते हैं। इसीलिए तंग आकर टेलीकॉम कंपनियों ने खुद ही यह किल स्विच तकनीक लागू कर दी। वैसे नीदरलैंड में भी कंपनियां यह तरीका अपना चुकी हैं।
आम यूजर्स के फोन में यह Kill Switch क्यों नहीं है?
आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि अगर यह तकनीक इतनी अच्छी है, तो हमारे खरीदे हुए फोन में यह सुविधा क्यों नहीं है?
- कानूनी पेंच: टेलीकॉम कंपनियां बिक चुके फोन को इस तरह बंद नहीं कर सकतीं। एक बार जब आप फोन खरीद लेते हैं, तो उसके कानूनी मालिक आप होते हैं, कंपनी नहीं।
- आगे की उम्मीद: पुलिस और मोबाइल इंडस्ट्री से जुड़े लोग लगातार टेक कंपनियों से अपील कर रहे हैं कि वे स्मार्टफोन के अंदर ही बाय-डिफॉल्ट ऐसा किल स्विच दें, जिसे यूजर अपने हिसाब से कंट्रोल कर सके।
भले ही अभी किल स्विच सिर्फ दुकानों में रखे नए फोन्स के लिए आया है, लेकिन इसने स्मार्टफोन सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी उम्मीद जगा दी है। हम पूरी उम्मीद कर सकते हैं कि भविष्य में यह शानदार फीचर आम यूजर्स के हाथों में भी होगा, जिससे मोबाइल चोरी की घटनाओं पर हमेशा के लिए लगाम लग सकेगी।