Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Technology ›   Tech Diary ›   nvidia ceo jensen huang megaspeed alice huang ai chips china smuggling probe explained

मेगास्पीड: क्या करती है Nvidia सीईओ की 'गर्लफ्रेंड' की कंपनी, क्यों जोड़ा जा रहा जेन्सेन हुआंग से कनेक्शन?

Tue, 10 Nov 2026 05:33 PM IST
नीतीश कुमार टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नीतीश कुमार Updated Tue, 10 Nov 2026 05:33 PM IST
सार

Jensen Huang Controversy: Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग का कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ अफेयर सामने आने के बाद, सिंगापुर की एआई क्लाउड कंपनी मेगास्पीड सुर्खियों में है। आरोप है कि एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर के रूप में काम करने वाली इस कंपनी ने एडवांस एआई चिप्स को अवैध रूप से चीन तक पहुंचाया है। जानिए पूरा मामला...

विज्ञापन
nvidia ceo jensen huang megaspeed alice huang ai chips china smuggling probe explained
कथित चीनी जासूस से नाम जुड़ने के बाद बढ़ा विवाद। - फोटो : अमर उजाला (एआई जनरेटेड)

विस्तार

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की सिरमौर कंपनी एनवीडिया (Nvidia) इन दिनों एक बड़े विवाद के केंद्र में है। कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) का नाम एक कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ अफेयर में आने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। इस व्यक्तिगत विवाद के बीच, सिंगापुर की एक कंपनी 'मेगास्पीड इंटरनैशनल' का भी नाम सामने आया है, जो एनवीडिया से एडवांस एआई चिप्स खरीदती है। एलिस इसी कंपनी में काम करती थीं। जेन्सेन हुआंग पर आरोप है कि उन्होंने मेगास्पीड को अपनी पावरफुल चिप्स सप्लाई की, जिसे अवैध तरीके से चीन तक पहुंचाया गया। अब इस कंपनी के कारोबार, एनवीडिया के साथ उसके रिश्तों और चीन को एआई चिप्स की कथित सप्लाई को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
विज्ञापन


क्या काम करती है मेगास्पीड इंटरनैशनल?
मेगास्पीड इंटरनैशनल सिंगापुर स्थित एक क्लाउड कंप्यूटिंग और AI इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। आसान शब्दों में समझें तो यह एक ऐसी कंपनी है जो दुनिया भर की अन्य कंपनियों को उनके AI मॉडल ट्रेन करने के लिए महंगे कंप्यूटर और GPU की ताकत किराये पर मुहैया कराती है।
विज्ञापन


AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए भारी-भरकम कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है, जिसके लिए डेटा सेंटर्स में हजारों GPU लगाए जाते हैं। मेगास्पीड खुद को एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में एनवीडिया का प्रमुख क्लाउड पार्टनर बताती है। इसके पोर्टफोलियो में एनवीडिया के बेहद शक्तिशाली GB200 NVL72 और HGX H100 सिस्टम शामिल हैं। यानी यह कंपनी सिर्फ चिप खरीदकर बेचने का काम नहीं करती, बल्कि उन चिप्स को अपने सिस्टम में लगाकर मशीन लर्निंग और रेंडरिंग जैसी उच्च-स्तरीय कंप्यूटिंग सेवाएं भी देती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


Nvidia से क्या है मेगास्पीड का संबंध?
मेगास्पीड खुद को एनवीडिया क्लाउड पार्टनर (NCP) बताती है, लेकिन यह एनवीडिया की कोई मालिकाना कंपनी नहीं है। यह एनवीडिया की AI चिप्स और हार्डवेयर का इस्तेमाल करके ग्राहकों को सेवाएं देती है। दुनिया भर में AI क्रांति के कारण एनवीडिया की चिप्स की मांग आसमान पर है, और मेगास्पीड जैसी कंपनियां इन हार्डवेयर को अपने डेटा सेंटर में लगाकर अन्य टेक कंपनियों को कंप्यूटिंग पावर बेचती हैं।

7Road International से कैसे बनी Megaspeed?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेगास्पीड की शुरुआत 2015 में 7Road International के नाम से हुई थी। मार्च 2023 में इसका नाम बदलकर मेगास्पीड इंटरनैशनल कर दिया गया। मौजूदा रिकॉर्ड के अनुसार, अक्टूबर 2023 में बनी एक अन्य सिंगापुर स्थित कंपनी Swiftdata इसकी पूर्ण मालिकाना कंपनी है।

इस विवाद में मुख्य नाम 'एलिस हुआंग' का है, जिन्होंने करीब आठ महीने तक मेगास्पीड की मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में काम किया था। हालांकि, उनका कार्यकाल अक्टूबर 2023 में खत्म हो चुका है। एलिस हुआंग और मेगास्पीड का यह कॉरपोरेट जुड़ाव ही मौजूदा विवाद की बड़ी वजह बन गया है। कंपनी ने तेजी से ग्रोथ की है। 2023 में इसकी संपत्ति 3.3 करोड़ डॉलर थी, जो 2024 में उछलकर करीब 3 अरब डॉलर तक पहुंच गई। वहीं इसका रेवेन्यू शून्य से बढ़कर 29.4 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया।

क्या मेगास्पीड ने चीन को भेजे हाई-एंड ग्राफिक्स कार्ड?
इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा सवाल अमेरिका के सख्त निर्यात नियमों से जुड़ा है। अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य तकनीक से जुड़ी चिंताओं के कारण चीन को एडवांस एआई चिप्स बेचने पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी जांच एजेंसियों को शक है कि मेगास्पीड ने एनवीडिया की इन प्रतिबंधित चिप्स को चीन के ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद की हो सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनवीडिया ने मेगास्पीड के चिप्स और डेटा सेंटर्स की जांच के लिए दक्षिण-पूर्व एशिया में कई निरीक्षण किए। इस दौरान एनवीडिया द्वारा अमेरिकी सरकार को दी गई जानकारी और असल ट्रेड रिकॉर्ड में लगभग 50,000 चिप्स का अंतर सामने आया था। इसके अलावा, नवंबर 2025 में मलेशिया के ट्रेड रिकॉर्ड में मेगास्पीड द्वारा 17,544 Nvidia GB300 प्रोसेसर आयात किए जाने की बात सामने आई थी, जो उस समय के सबसे एडवांस्ड प्रोसेसर थे।

टिम टेटर और अमेरिकी जांच एजेंसियों के बीच बातचीत
मामले ने तब और तूल पकड़ा जब यह बात सामने आई कि अगस्त 2025 में एनवीडिया के जनरल काउंसल टिम टेटर ने अमेरिकी वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जेफरी केसलर से बात की थी। टेटर यह जानना चाहते थे कि क्या एलिस हुआंग को सिंगापुर में हिरासत में लेने के पीछे अमेरिकी एजेंसियों का हाथ था।

हालांकि, एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि वह नियम-कानूनों का पालन करने और जानकारी साझा करने के लिए अक्सर अमेरिकी अधिकारियों से बात करती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि अमेरिकी न्याय विभाग ने वाणिज्य विभाग से मेगास्पीड के मामले में अपनी जांच को रोकने के लिए कहा था।

मेगास्पीड और एनवीडिया ने क्या कहा?
मेगास्पीड ने चीन को अवैध रूप से चिप्स सप्लाई करने के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि पिछले छह महीनों में अमेरिकी और मलेशियाई एजेंसियों समेत एनवीडिया ने कई बार जांच की है और उन्हें कोई गड़बड़ी नहीं मिली।


दूसरी तरफ, जेन्सेन हुआंग ने अपने कर्मचारियों से वैवाहिक बेवफाई को लेकर माफी मांग ली है। एनवीडिया के बोर्ड ने इस बात से कि साफ इनकार कर दिया है कि इस मामले से कंपनी के व्यापारिक रहस्य या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता हुआ है। इस विवाद ने टेक जगत में तहलका मचा दिया है, और यह देखना बाकी है कि जांच में मेगास्पीड और एनवीडिया को लेकर क्या नए खुलासे होते हैं।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed