Scheduled Message: व्हाट्सएप में जल्द आएगा मैसेज शेड्यूल करने का फीचर, तय समय पर अपने-आप जाएगा संदेश
Whatsapp Scheduled Message: व्हाट्सएप जल्द ही ऐसा इन-बिल्ट फीचर ला सकता है जिससे यूजर्स पहले से मैसेज लिखकर उसकी तारीख और समय तय कर सकेंगे। तय समय पर मैसेज अपने-आप भेज दिया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर आईओएस बीटा वर्जन में देखा गया है और इसमें शेड्यूल मैसेज को एडिट या डिलीट करने का विकल्प भी मिल सकता है।
विस्तार
अगर आप भी किसी को ठीक 12 बजे बर्थडे विश भेजने या सुबह 9 बजे रिमाइंडर भेजने के लिए अलार्म लगाते हैं तो अब राहत मिलने वाली है। व्हाट्सएप एक नए फीचर पर काम कर रहा है जिससे आप एप के अंदर ही पहले से मैसेज सेट कर सकेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप ऐसा इन-बिल्ट फीचर बना रहा है जिसमें आप मैसेज लिखकर उसकी तारीख और समय चुन सकेंगे। तय समय आते ही मैसेज अपने-आप भेज दिया जाएगा।
कैसे करेगा काम नया फीचर?
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, आईओएस के लेटेस्ट बीटा वर्जन (26.7.10.72) में इस फीचर से जुड़े संकेत मिले हैं। संभावना है कि यूजर:
- चैट में मैसेज टाइप करेंगे
- तारीख और समय चुनेंगे
- और मैसेज को शेड्यूल कर देंगे
इसके बाद वह संदेश चुने गए समय तक एप में 'क्यू' में रहेगा और तय समय पर अपने-आप भेज दिया जाएगा। यानी न तो अलग से रिमाइंडर की जरूरत होगी और न ही आखिरी समय पर मैनुअली सेंड करना पड़ेगा।
मैनेज भी कर सकेंगे शेड्यूल मैसेज
रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाट्सएप चैट इंफो सेक्शन में एक अलग सेक्शन भी दे सकता है जहां यूजर्स अपने शेड्यूल किए गए मैसेज देख और मैनेज कर सकेंगे। इसमें आप:
- शेड्यूल मैसेज को एडिट कर सकेंगे
- भेजे जाने से पहले डिलीट कर सकेंगे
और अगर मैसेज डिलीट कर दिया तो सामने वाले को इसकी जानकारी भी नहीं होगी यह फीचर पर्सनल चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट में भी काम कर सकता है।
बिजनेस फीचर से अलग होगा नया टूल
फिलहाल व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट्स के लिए ब्रॉडकास्ट सिस्टम के जरिए मैसेज शेड्यूलिंग जैसी सुविधा देता है लेकिन वह पेड और मुख्य रूप से मार्केटिंग मैसेज के लिए होती है। नया फीचर आम यूजर्स के लिए फ्री में उपलब्ध कराया जा सकता है जो इसे और ज्यादा उपयोगी बना देगा।
कब तक आ सकता है यह अपडेट?
अभी यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इसे सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ महीने लग सकते हैं। हालांकि जिस तरह इस फीचर पर सक्रिय रूप से काम हो रहा है, उससे साफ है कि व्हाट्सएप अपने यूजर्स की लंबे समय से चली आ रही मांग को अब गंभीरता से ले रहा है। अगर यह फीचर लॉन्च होता है तो यह एप के सबसे ज्यादा काम आने वाले अपडेट्स में से एक साबित हो सकता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadget news and mobile reviews, apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news in hindi from Tech and more Hindi News.