गाजीपुर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले में कड़ी सुरक्षा और शुचिता के साथ संपन्न हो गई। जिले के 35 केंद्रों पर कुल 15,340 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सघन तलाशी और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बीच परीक्षा दो पालियों (सुबह 9 से 12 और दोपहर 2 से 5 बजे) में आयोजित की गई।
नोडल समन्वयक व पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र पांडेय ने बताया कि पहली पाली में 14,014 परीक्षार्थी उपस्थित और 1,326 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 14,023 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,317 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो ऑब्जर्वर, एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 18 केंद्र प्रतिनिधि तैनात रहे। नोडल अधिकारियों और झांसी विश्वविद्यालय से आए प्रतिनिधियों डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. राजेंद्र कुमार व डॉ. विनोद कुमार ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। परीक्षार्थियों के अनुसार, हिंदी और सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने उन्हें काफी राहत दी लेकिन गणित और रीजनिंग के घुमावदार सवालों को हल करने में पसीने छूट गए।