गाजीपुर: विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान, तीन साल के मासूम के सिर से उठा मां का साया
गाजीपुर जिले में एक विवाहिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। करिश्मा (27) की शादी वर्ष 2018 में रेवतीपुर निवासी राकेश राम के साथ हुई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले में रेवतीपुर स्थनीय गांव की हरिजन बस्ती में बुधवार की देर रात 27 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से विवाहिता के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। करिश्मा (27) की शादी वर्ष 2018 में रेवतीपुर निवासी राकेश राम के साथ हुई थी। दंपती का तीन वर्षीय पुत्र अंश है।
क्या है पूरा मामला
परिजनों के अनुसार बुधवार की रात करिश्मा ने घर में खाना बनाया। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। देर रात तक कमरे से बाहर नहीं आने पर सास को चिंता हुई। उन्होंने करिश्मा को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो करिश्मा पंखे की कुंडी से गमछे के सहारे लटक रही थी। यह दृश्य देखते ही सास की चीख निकल गई। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने आनन-फानन करिश्मा को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने कमरे सहित आसपास के स्थानों का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।विवाहिता की मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, विवाहिता ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।