सुहवल। क्षेत्र के बहलोलपुर स्थित महुआ बाबा मंदिर परिसर में मंगलवार को ग्रामीण स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें बहलोलपुर के पहलवान जगजीवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों के दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने दमखम दिखाया।
जगजीवन ने अपने पहले मुकाबले में सरैया के लौहर को पटखनी दी। इसके बाद उन्होंने कासिमपुर के अरविंद और फिर सरैया के अर्जुन को चित कर लगातार तीन मुकाबले अपने नाम किए। अन्य मुकाबलों में बहलोलपुर के अभिषेक ने सरैया के दीपेश को, सरैया के सनी ने ताड़ीघाट के चंदन, कासिमपुर के बलवंत ने बहलोलपुर के अभिषेक, ताड़ीघाट के गोलू ने कासिमपुर के बलवंत, अजीत ने विकास, सरैया के सूर्या ने बहलोलपुर के पीयूष तथा रामभरोसे ने प्रेम को पटखनी दी। विकास और शेरू तथा उपेंद्र और राजू के बीच हुए मुकाबले बराबरी पर छूटे। इससे पहले बजरंग अखाड़ा की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त उप जिलाधिकारी राजाराम यादव ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। कार्यक्रम में रामदयाल उर्फ बबलू यादव, पवन यादव, अभिषेक, आशुतोष, आशीष, आदित्य, राहुल, वीरू, रविकांत, रजिंदर आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता में गोलू यादव निर्णायक रहे और राकेश यादव ने कमेंट्री की।