जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शोध प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त और पारदर्शी बनाने के लिए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर अनुसंधान एवं विकास सेल की नई टीम का गठन किया गया। प्रो. राजकुमार विकास सेल के निदेशक बनाए गए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं यूजीसी के तय मानकों के अनुपालन के साथ गठित इस व्यवस्था में प्रो. राजकुमार को अनुसंधान एवं विकास का निदेशक नामित किया गया है। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने जारी आदेश के अनुसार निदेशक को शोध प्रवेश से लेकर उपाधि प्रदान करने, शोध प्रबंध के अभिलेखीकरण, निगरानी, नीति निर्धारण और लंबित प्रकरणों के निस्तारण का समग्र नेतृत्व सौंपा गया है। कार्यकारी टीम में संकाय सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपते हुए डॉ. मनीष कुमार गुप्ता को पीएचडी प्रवेश, अभिलेख, शोध निर्देशक व सीट पंजिका, आरडीसी कैलेंडर व डिजिटल कार्यप्रणाली, प्रो. संतोष कुमार को कोर्स वर्क, शोधार्थी प्रगति, सेमेस्टर समीक्षा, प्रशिक्षण एवं जेआरएफ से एसआरएफ मूल्यांकन, प्रो. नरेंद्र कुमार सिंह को शोध पद्धति, नैतिकता, गुणवत्ता, प्रकाशन मार्गदर्शन व प्रयोगशाला पद्धतियां तथा प्रो. विनोद कुमार गुप्ता को प्री-सबमिशन, शोधप्रबंध कार्रवाई, परीक्षक, मूल्यांकन, मौखिक परीक्षा, उपाधि अभिलेख व शोध डैशबोर्ड का जिम्मा दिया गया है। वहीं, सेल के सहयोग के लिए प्रशासनिक अधिकारी रघुनंदन यादव, प्रधान सहायक गुलाब चंद व राजेंद्र प्रताप सिंह, कनिष्ठ सहायक नीलम सिंह, कम्प्यूटर ऑपरेटर सुशील प्रजापति व प्रदीप कुमार सिंह और परिचर अंजनी तिवारी व जैनेंद्र कुमार विश्वकर्मा को तैनात किया गया है। यह कार्यालय आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। संवाद