जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें विद्यालयों में चल रहे वाहन के प्रपत्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। बस चालकों का चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि विद्यालयों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखा जाए। बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में जागरूक एवं प्रशिक्षित कराने को कहा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन स्कूलों के स्कूली वाहनों के परमिट, फिटनेस अथवा अन्य आवश्यक प्रपत्र सही नहीं हैं, उन विद्यालयों में नोटिस चस्पा की जाए। इसके बाद भी वाहनों के दस्तावेज दुरुस्त नहीं मिलते हैं तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शासन द्वारा विकसित स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर दर्ज वाहनों के प्रपत्रों एवं उनकी स्थिति की भी समीक्षा की गई। पोर्टल का उद्देश्य विद्यालय परिवहन व्यवस्था की निगरानी, वाहनों का सत्यापन तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है। पोर्टल के अनुसार जनपद में 68 स्कूली वाहनों की फिटनेस फेल पाई गई है। सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को ऐसे वाहनों का फिटनेस दुरुस्त कराने का निर्देश दिया जाए। वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक अथवा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। विद्यालय वाहन निर्धारित गति सीमा में ही संचालित हों, वाहन संचालन के समय चालक मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, स्कूली बसों का रंग निर्धारित मानकों के अनुरूप पीला हो, वाहन के अग्र एवं पश्च भाग पर विद्यालय बस एवं विद्यालय का नाम स्पष्ट रूप से अंकित हो। स्पीड लिमिट डिवाइस, फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, सीआरओ अजय अंबष्ट, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह, डीआईओएस देवेंद्र कुमार सिंह, बीएसए डॉ. समीर, मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक अशोक कुमार यादव, ईओ नगर पालिका धर्मराज राम, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय और विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।