Pratapgarh : बरात से लौट रही कार स्कॉर्पियो से टकराने के बाद गड्ढे में पलटी, दो ब्लाक कर्मचारियों की मौत
Pratapgarh Accident News : बाबा बेलखरनाथ क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में ब्लॉक के दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ग्राम प्रधानों की हालत नाजुक बनी हुई है। देर रात सड़क पर आए मवेशी को बचाने के चक्कर में कार स्कॉर्पियो से टकराने के बाद गड्ढे में पलट गई।
विस्तार
विकास खंड बाबा बेलखरनाथ धाम क्षेत्र के वीडीओ सुरेंद्र बहादुर सिंह के बेटे की शादी में शामिल होने गए दो ब्लॉक कर्मचारियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक ग्राम प्रधान और एक प्रधान प्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कंधई थाना क्षेत्र के पूरे पांडे गांव निवासी ग्राम प्रधान राजेश कुमार सरोज (50), दिलीपपुर थाना क्षेत्र के खूंझी कला गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर सिंह (42), ब्लाक कर्मचारी दिलीपपुर थाना क्षेत्र खूंझी कला गांव निवासी सर्वेश कुमार (30) और कंधई के बिबिया करनपुर गांव निवासी राजमणि तिवारी उर्फ राजू तिवारी बुधवार की शाम छह बजे राजेश प्रधान की ब्रेजा कार से कुंडा में शादी में शामिल होने गए थे।
रात 11.20 बजे वापस लौटते समय बाघराय थाना क्षेत्र के छेऊंगा गांव के पास सड़क पर टहल रहे आवारा मवेशी को बचाने में कार असंतुलित हो गई। बेकाबू कार स्कॉर्पियो में टक्कर मारते हुए 15 फीट गड्ढे में जा गिरी। हादसे में राजमणि तिवारी और सर्वेश कुमार की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई और प्रधान प्रतिनिधि तथा ग्राम प्रधान बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोग भाग निकले। घायल ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर सिंह ने किसी तरह अपने मोबाइल से अपने बड़े भाई सुधाकर सिंह को घटना की जानकारी दी। साथ ही साथ सूचना बाघराय पुलिस को दी गई। ब्रेजा कर में फंसे दोनों मृतक और दोनों घायलों को शीशा तोड़कर बाहर निकाल गया। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें पीजीआई लखनऊ ले गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
ब्लाक कर्मी राजमणि तिवारी तीन भाई व दो बहन है। राजमणि तिवारी की शादी 15 साल पूर्व राजगढ़ में हुई थी और अभी तक कोई बच्चे नहीं हैं। पिता राम बोध तिवारी सहकारी समिति खूंझी कला के संविदा सचिव पर तैनात रहे थे, जो कुछ साल पहले वह घर ही रहते हैं। दूसरे ब्लाक कर्मी सर्वेश कुमार पांच भाई व दो बहन हैं। सर्वेश के दो जुड़वां बेटे निक्कू व विक्कू हैं। पत्नी सोना को जानकारी मिलने पर दहाड़ मारकर रो रो कर बुरा हाल हो गया है। राजमणि तिवारी के एक बड़े भाई दिल्ली में रहते हैं और तीसरे नंबर के भाई भीम तिवारी लखनऊ में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। बहन सुधा व माधुरी की शादी हो गई है। दोनों मृतक के भाइयों को जानकारी मिलने पर दिल्ली और मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए हैं।
शादी समारोह से लौट रहे ब्लॉक कर्मचारी राजमाणि तिवारी उर्फ राजू तिवारी की मौत की जानकारी मिलने पर बेलखरनाथ धाम के तमाम ग्राम प्रधान सहित क्षेत्र के हजारों लोगों की भीड़ घर पर संवेदना जताने के लिए पहुंची। राजमणि तिवारी के व्यवहार और मिलनसार व्यक्ति होने से क्षेत्र के तमाम लोगों के आंखों में आंसू छलक पड़े। राजमणि तिवारी उर्फ राजू के इस असामयिक निधन से हर कोई व्यक्ति हतप्रभ है।