Uk: कमरे के भीतर रखी अंगीठी से बच्ची समेत चार लोगों को लगी गैस, चारों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
बागेश्वर के दाड़िमठौक गांव में घर के भीतर अंगीठी से निकली गैस के कारण एक ही परिवार के चार सदस्य बेहोश हो गए। प्रभावितों में बच्ची भी शामिल है।
विस्तार
बागेश्वर में कोतवाली क्षेत्र के दाड़िमठौक गांव में घर के भीतर रखी अंगीठी की गैस लगने से एक ही परिवार के चार लोग बेहोश हो गए। प्रभावितों में बच्ची भी शामिल है। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी सेहत में पहले की तुलना में सुधार है। सुबह दूध लेने आई महिला के चलते घटना का पता समय पर चल गया और बड़ी घटना होने से बच गई।
कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 112 पर गुनाकोट ग्राम पंचायत के तेवाड़ीगांव, दाड़िमठौक तोक से चार लोगों को गैस लगने की सूचना मिली थी। तत्काल 112 और पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हुई। 108 सेवा की एंबुलेंस भी साथ गई। मौके पर जाकर गैस लगने से प्रभावित नवीन चंद्र तिवारी (62) पुत्र गंगादत्त तिवारी, उनकी पत्नी विमला तिवारी (55) बहू बबीता तिवारी (24) पत्नी योगेश तिवारी और पोती काव्या (02) को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। चारों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिजिशियन चंद्र मोहन सिंह भैसोड़ा ने बताया कि गैस लगने के कारण चारों की हालत बिगड़ गई थी। इलाज के बाद सेहत में सुधार हो रहा है।
सुबह जलाई थी अंगीठी में आग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंगीठी में आग सुबह चार बजे जलाई गई थी। आग बुझ जाने के बाद खिड़की-दरवाजे बंद किए थे। इसी दौरान अंगीठी में बचे कोयलों की गैस लगने से चारों लोग बेहोश हो गए। उजाला होने के बाद गांव की महिला खष्टी देवी रोजाना की तरह दूध लेने आई तो उसने दरवाजा बाहर से बंद देखा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद बबीता आई लेकिन दरवाजा खोलने के बाद वह फिर से बेहोश हो गई। तत्काल महिला ने गांव में इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पूर्व ग्राम प्रधान दर्शन बिष्ट ने बताया कि समय पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंचने के कारण प्रभावितों को अस्पताल लाने में सुविधा मिली।