चंपावत: एसएसबी ने नशीले इंजेक्शनों के साथ एक तस्कर को दबोचा, नेपाल में बेचने की थी तैयारी
चंपावत में शारदा बैराज के पास एसएसबी की स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी ने एक व्यक्ति को नशीले इंजेक्शनों के साथ पकड़ा। बरामद इंजेक्शन प्रतिबंधित पाए गए, जिन्हें आरोपी पीलीभीत से नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी में था।
विस्तार
चंपावत में 57वीं वाहिनी एसएसबी सितारगंज की स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी ने शारदा बैराज के पास संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान एक व्यक्ति को नशीले इंजेक्शनों के साथ पकड़ लिया है।
सोमवार शाम कार्यवाहक कमांडेंट प्रियदर्शनी निहारिका राय के मार्गदर्शन में स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी ने संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। उसके पास काले रंग की पॉलीथिन में विभिन्न प्रकार के इंजेक्शन बरामद हुए। ड्रग इंस्पेक्टर से पुष्टि कराने पर इंजेक्शन प्रतिबंधित पाए गए और इनके नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली।
बरामद इंजेक्शनों में प्रोमेथोजिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन 2 एमएल के 25 एम्पुल, डायजेपाम इंजेक्शन 2 एमएल के चार एम्पुल, बुप्रेनोरफाइन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन 2 एमएल के 24 एम्पुल और बुप्रेनोरफाइन इंजेक्शन 0.3 एमजी का एक एम्पुल शामिल है।
पूछताछ में व्यक्ति ने इन इंजेक्शनों को पीलीभीत से नेपाल ले जाकर बेचने की बात बताई। एसएसबी ने पकड़े गए व्यक्ति और बरामद नशीले इंजेक्शनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।